जयपुर की ज्वेलरी शॉप में चोर शटर का लॉक तोड़कर काउंटर में रखे 7 लाख रुपए के गहने चोरी कर ले गया। सोडाला के फुटलिया बाग में श्री श्याम ज्वैलर्स शॉप में गुरुवार तड़के यह वारदात हुई। यह वारदात दुकान में लगे CCTV फुटेज में रिकॉर्ड हो गई है। सोडाला थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए हैं। पुलिस अब बदमाश की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- सोडाला के गायत्री नगर के रहने वाले विजय सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। विजय बुधवार रात को दुकान बंदकर घर चले गए थे। देर रात बदमाशों ने चोरी की नीयत के चलते शॉप को निशाना बनाया। लॉक तोड़कर घुसा बदमाश शॉप काउंटर में रखे चांदी के गहने चोरी कर ले गया। कॉलोनीवासियों ने गुरुवार सुबह लॉक टूटे देखकर दुकानदार को चोरी की सूचना दी। CCTV में कैद हुई करतूत पुलिस ने बताया- शॉप के अंदर-बाहर लगे CCTV फुटेज को खंगालने पर चोर की करतूत कैद मिली। रात करीब 2 बजे शॉप का लॉक तोड़कर बदमाश अंदर घुसा। करीब 15-20 मिनट तक शॉप के अंदर रहे बदमाश ने काउंटर में रखे गहनों को एक थैली में भर लिया। गहनों से भरी थैली लेकर गेट के रास्ते भाग निकला। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।