जयपुर में शनिवार शाम आए तेज अंधड़ और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। जयसिंहपुरा खोर इलाके में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक यूनुस (निवासी खो-नागोरियान) बाइक से जयसिंहपुरा खोर किसी परिचित से मिलने जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब साढ़े 8 बजे टूटे हुए हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट के डर से मौके पर मौजूद लोग उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना पर पहुंचे जयसिंहपुरा थाने के पुलिसकर्मियों ने युवक को CPR दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद भी बिजली नहीं काटने और देरी से मौके पर पहुंचने पर लोगों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। जयसिंहपुरा खोर थानाप्रभारी मुकेश मीना ने बताया कि घटना शनिवार साढ़े 8 बजे की है। बाइक पर मृतक अकेले था। जयसिंहपुरा खोर किसी से मिलने आया था। दो मंजीला मकान की बालकनी गिरी इसी अंधड़ और बारिश के चलते जवाहर नगर की कच्ची बस्ती (टीला नंबर 1) में एक दो मंजिला मकान की बालकनी अचानक गिर गई। हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बालकनी गिरने से आसपास की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई घरों के मीटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक न तो प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और न ही बिजली विभाग की टीम मौके पर आई। इस कारण करीब 15 से 20 घरों के लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।