जयपुर में केसर स्वीट्स की दुकान को जयपुर सीएमएचओ की टीम ने शुक्रवार को सीज किया। मिठाई के सैंपल फेल होने के बाद पिछले दिनों सीएमएचओ ने दुकान का फूड लाइसेंस सस्पेंड किया था। लेकिन बावजूद इसके दुकान संचालित हो रही थी और मिठाइयों का कारोबार जारी था। मामले का जब स्वास्थ्य मंत्री के स्तर पहुंचा तो तब जयपुर सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने टीम भेजकर केसर स्वीट्स को सीज करवाया। दरअसल अगस्त में सीएमएचओ की टीम ने दुर्गापुरा से जेएलएन मार्ग जाने वाले एसएल मार्ग स्थित केसर स्वीट्स पर छापा मारा था। जहां से कुछ मिठाईयों के सैंपल ​लेकर जांच करवाई थी। जांच में काजू कतली के सैंपल अनसेफ मिले थे। इसके बाद सीएमएचओ स्तर पर 1 महीने से ज्यादा समय तक इस पर कोई एक्शन नहीं लिया। मामला मीडिया में आने के बाद सीएमएचओ स्तर वपर दुकान का 26 अक्टूबर को फूड लाइसेंस सस्पेंड किया गया। लाइसेंस सस्पेंड के बावजूद कारोबार जारी 26 अक्टूबर को दुकान का फूड लाइसेंस सस्पेंड होने के बाद भी दुकान पर मिठाई बेचान का कारोबार जारी रहा। इस मामले पर स्वास्थ्य मंत्री के स्तर पर शिकायत हुई। शिकायत के बाद फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट हरकत में आया और सीएमएचओ जयपुर डॉ. मनीष मित्तल को इस मामले पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उच्च स्तर से निर्देश मिलने के बाद आज शाम को सीएमएचओ की टीम ने मौके पर जाकर मिठाई की दुकान पर ताला लगाकर उसे सीज करवाया। इस पूरे घटनाक्रम ने सीएमएचओ सैंकड प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे है? मिठाई का सैंपल अनसेफ मिलने के डेढ़ माह बाद कार्रवाई करने और लाइसेंस सस्पेंड करने के बाद भी अग्रिम कार्रवाई नहीं करना कई सवाल खड़े करता है?