जयपुर के शिप्रापथ इलाके में दो मासूम बच्चियों की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। घटना जगन्नाथपुरी सेकेंड क्षेत्र की है, जहां दोनों बच्चियां खेलते समय घर के पास निर्माणाधीन मकान के पानी से भरे टैंक में गिर गईं। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां शाम करीब सवा 7 बजे खेलने के लिए घर से निकली थीं। करीब 15–20 मिनट बाद जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास ढूंढना शुरू किया। काफी तलाशी के बाद पास ही में बन रहे मकान के पानी के टैंक के पास बच्चियों की चप्पलें मिली थी। परिजनों ने जब टैंक में झांककर देखा तो बच्चियों की लाश ऊपर तैर रही थी। परिजन तुरंत बच्चियों को लेकर जयपुरिया हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए दोनों शव जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। जानकारी के अनुसार, यह टैंक 8 फीट गहरा है, जिसमें करीब 6 फीट पानी भरा हुआ था। जहां पर टैंक बना हुआ है, वहां लाइट नहीं है, इसलिए परिजनों का ध्यान उधर नहीं गया। SHO (शिप्रापथ) महेन्द्र सिंह ने बताया- हादसे में बिहार निवासी राधिका (5) पुत्री पप्पू कुमार और गोसिया (5) पुत्री जाकिर निवासी उत्तर प्रदेश की मौत हो गई। दोनों परिवार शिप्रापथ इलाके में जगन्नाथपुरी सेकेंड में किराए से रहते हैं। भांकरोटा इलाके में पप्पू कलर-पेंट का काम करते हैं। जबकि मृतक गोसिया के पिता जाकिर विकलांग हैं और रिक्शा पर मोबाइल एक्सेसरीज बेचने का काम करते हैं। बता दें, गोसिया जाकिर की इकलौती बेटी थी, जबकि पप्पू कुमार के राधिका सहित 2 बच्चे थे। दोनों परिवार एक-दो घर छोड़कर ही रहते हैं। वह जयपुर में करीब 3-4 साल से रह रहे हैं। देखिए, हादसे के PHOTOS… --- ये खबर भी पढ़ें जयपुर में 4 युवक-युवती डूबे, मौत:तालाब में नहाने उतरी थी लड़की, पैर फिसला; बचाने के चक्कर में साथी भी डूब गए जयपुर में 15 मई 2025 को डूबने से 3 युवतियों समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। चारों युवक-युवतियां फार्म के पोंड में नहाने गए थे। नहाते समय एक युवती का पैर फिसल गया था। उसे बचाने के चक्कर में तीनों साथी भी डूब गए थे। (पूरी खबर पढ़ें)