बॉलीवुड और रंगमंच के अभिनेता कुमुद मिश्रा शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उजागर ड्रामैटिक एसोसिएशन और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीरियर डिजाइनर्स (IIID) जयपुर चैप्टर के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कुमुद मिश्रा ने कैमरे से दूरी बनाए रखी और वीडियो बनाने से मना करते रहे। कुमुद मिश्रा 12 जुलाई को बिड़ला ऑडिटोरियम में देश के चर्चित हिंदी नाटकों में शामिल 'पुराने चावल' के मंचन में मुख्य भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर अभिनेता शुभ्रज्योति बराट भी उनके साथ मंच साझा करेंगे। नाटक के मंचन के बाद 'डिजाइन, स्टोरी, स्पेस और परफॉर्मेंस' विषय पर विशेष पैनल डिस्कशन भी आयोजित किया जाएगा। 'पुराने चावल' प्रसिद्ध अभिनेता-निर्देशक सुमीत व्यास की ओर से निर्देशित चर्चित हिंदी नाटक है। जो विश्वप्रसिद्ध नाटककार नील साइमन के क्लासिक नाटक 'द सनशाइन बॉयज' से प्रेरित है। नाटक में यह दिखेगी कहानी यह नाटक दो ऐसे पुराने दोस्तों और हास्य कलाकारों की कहानी है, जिन्होंने करीब 42 साल तक साथ काम किया। आपसी मतभेदों के चलते अलग हो गए। सालों बाद जब उन्हें फिर से एक साथ मंच पर आने का अवसर मिलता है तो उनके रिश्तों की खटास, पुरानी यादें, अहंकार, दोस्ती और भावनात्मक संघर्ष दर्शकों के सामने हास्य और संवेदनशीलता के साथ उभरकर आते हैं। यही वजह है कि यह नाटक केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दोस्ती, रिश्तों और जीवन के बदलते रंगों पर भी गहरा संदेश देता है। यह नाटक मुंबई की प्रतिष्ठित थिएटर संस्था डी फॉर ड्रामा द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है। इससे पहले भी इसका जयपुर में सफल मंचन हो चुका है और रंगमंच प्रेमियों ने इसे भरपूर सराहना दी थी। अभिनय के धुरंधर हैं कुमुद मिश्रा नाटक में मुख्य भूमिका निभा रहे कुमुद मिश्रा भारतीय रंगमंच और बॉलीवुड के सबसे सशक्त अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की और वर्षों तक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) और देश के विभिन्न रंगमंच समूहों के साथ काम किया। उनकी अभिनय शैली की सबसे बड़ी विशेषता पात्रों को सहज और वास्तविक रूप में प्रस्तुत करना है। कुमुद मिश्रा ने रॉकस्टार, रांझणा, सुल्तान, एम.एस. धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी, ऐरलिफ्ट, मुल्क, आर्टिकल 15, थप्पड़, राम सिंह चार्ली, टाइगर जिंदा है, जॉली एलएलबी 2, भूल भुलैया 2, मिशन मजनू, मिशन रानीगंज जैसी अनेक चर्चित फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी वे आर्या, डॉ. अरोड़ा, आईसी 814: द कंधार हाइजैक जैसी चर्चित वेब सीरीज में अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। थिएटर में नियमित रूप से वे सक्रिय रहते हैं। शुभ्रज्योति बराट भी रंगमंच का बड़ा नाम नाटक के दूसरे प्रमुख कलाकार शुभ्रज्योति बराट भी भारतीय थिएटर और फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने लंबे समय तक रंगमंच पर काम करने के बाद फिल्मों और वेब सीरीज में अलग पहचान बनाई। वे अपने प्रभावशाली संवाद, सहज अभिनय और मंच पर मजबूत उपस्थिति के लिए जाने जाते हैं। हिंदी फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ थिएटर में उनका योगदान लगातार सराहा जाता रहा है। 'पुराने चावल' में उनका अभिनय नाटक की भावनात्मक और हास्यपूर्ण प्रस्तुति को और अधिक प्रभावशाली बनाता है।