जयपुर में शराब दुकान में नकाबपोश बदमाशों के चोरी करने का मामला सामने आया है। बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने लोहे की रॉड से दुकान का शटर तोड़ा। तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 3 लाख रुपए चोरी कर ले गए। रामगंज थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- दिल्ली बाईपास रोड पर खटीक मंडी में स्थित शराब दुकान में चोरी हुई है। दुकान के सेल्स मैनेजर उमाकांत की ओर से चोरी की रिपोर्ट दी गई है। शिकायत में बताया रोज की तरह शुक्रवार रात 8 बजे दुकान लॉक कर घर चले गए। शनिवार तड़के बदमाशों ने चोरी की नीयत के चलते दुकान को निशाना बनाया। लोहे की रॉड से शटर तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। गल्ले में रखे रुपए और तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे कुल 3 लाख रुपए कैश चोरी कर ले गए। सुबह आस-पड़ोसियों ने शटर टूट होने पर चोरी के बारे में बताया। चोरी की सूचना पर रामगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… CCTV फुटेजों में कैद हुई करतूत शॉप के अंदर-बाहर लगे CCTV फुटेजों को खंगालने पर चोरों की करतूत कैद मिली। तड़के करीब 3:15 बजे बाइक पर नकाबपोश तीन बदमाश आए। लोहे की रॉड की मदद से दो बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ा। तीसरा साथी बाइक पर बैठकर निगरानी करता रहा। शटर तोड़कर अंदर घुसकर बदमाश गल्ले में रखे रुपयों को जेब में डाल लिया। जिसके बाद तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे रुपयों के बंडल निकाले। नकाबपोश बदमाश दुकान के अंदर रखे करीब 3 लाख रुपए चोरी कर ले गए। पुलिस टीम CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।