जयपुर के होटलों में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में जयपुर मैरियट होटल में पारंपरिक अंदाज में केक मिक्सिंग सेरेमनी आयोजित की गई। सूखे मेवों, किशमिश, खजूर, नट्स और अन्य फेस्टिव सामग्रियों को मिलाकर केक -मिक्सिंग की गई। इसमें शहर की जानी-मानी हस्तियों, कॉरपोरेट जगत से जुड़े लोगों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अन्य मेहमानों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल बड़ों ने ही नहीं, बल्कि बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों के लिए अलग से सेशन रखा गया। इसी के साथ होटल में फेस्टिव सीजन की शुरूआत हो गई है। कार्यक्रम में पारंपरिक उत्सव, संगीत, खानपान और परिवार के साथ समय बिताने के अनुभवों को एक साथ शामिल किया गया। होटल के एग्जीक्यूटिव शेफ राज कुमार के नेतृत्व में आयोजित केक मिक्सिंग सेरेमनी में मेहमानों ने विभिन्न सामग्रियों को मिलाने की प्रक्रिया में भाग लिया। आयोजन ग्लोबल कस्टमर एप्रिसिएशन वीक के अवसर पर भी आयोजित किया गया। इवेंट के फोटोज यहां देखिए… क्या है केक मिक्सिंग की परंपरा? केक मिक्सिंग क्रिसमस से पहले मनाई जाने वाली एक लोकप्रिय परंपरा है। इसमें केक और खास तौर पर क्रिसमस केक बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सूखे मेवों, किशमिश, खजूर, कैंडिड फ्रूट्स, बादाम, काजू और अन्य सामग्रियों को मसालों तथा जरूरत के अनुसार जूस या अन्य तरल पदार्थों के साथ मिलाया जाता है। कई पारंपरिक व्यंजनों में इन सामग्रियों को कुछ समय तक भिगोकर रखा जाता है, ताकि उनमें स्वाद और खुशबू अच्छी तरह समा जाए। कुछ जगहों पर इस मिश्रण को कई सप्ताह या महीनों तक सुरक्षित रखकर बाद में केक और अन्य बेकरी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इस आयोजन में मेहमानों के लिए सामग्रियों से भरे बड़े बर्तनों के आसपास एकत्र होकर उन्हें मिलाने की व्यवस्था की जाती है। यूरोप से जुड़ी है इस परंपरा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि केक मिक्सिंग की परंपरा का संबंध यूरोप में क्रिसमस केक और प्लम केक बनाने की पुरानी परंपराओं से जोड़ा जाता है। ब्रिटेन में क्रिसमस के लिए तैयार किए जाने वाले फ्रूट केक और पुडिंग में सूखे मेवों और फलों का इस्तेमाल लंबे समय से होता रहा है। समय के साथ इन व्यंजनों की तैयारी से जुड़ी सामूहिक गतिविधियों ने उत्सव का रूप ले लिया। आज जिस तरह होटल और बेकरी में बड़े स्तर पर केक मिक्सिंग सेरेमनी आयोजित की जाती है, उसका आधुनिक स्वरूप विशेष रूप से हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में लोकप्रिय हुआ है। भारत में भी कई होटल क्रिसमस से कुछ सप्ताह पहले इस तरह के आयोजन करते हैं। बच्चों के लिए नया प्ले एरिया जयपुर मैरियट होटल की केक मिक्सिंग सेरेमनी में बच्चों के लिए विशेष सेशन आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह के दौरान होटल में बच्चों के लिए तैयार किए गए नए प्ले एरिया का भी शुभारंभ किया गया। लाइव म्यूजिक और डिनर के साथ हुआ समारोह का समापन केक मिक्सिंग सेरेमनी के दौरान लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी आयोजित की गई। संगीत और उत्सवी माहौल के बीच मेहमानों ने डिनर और ड्रिंक्स का आनंद लिया। जयपुर मैरियट होटल के जनरल मैनेजर राकेश सेठी ने कहा कि त्योहारों का मौसम साथ आने, रिश्तों को मजबूत करने और यादगार पल बनाने का अवसर होता है। केक मिक्सिंग सेरेमनी, परिवारों के लिए नई सुविधाएं और टिकाऊ उत्पादों से जुड़ी पहल इसी सोच का हिस्सा हैं। होटल का प्रयास है कि मेहमानों को पारंपरिक उत्सवों के साथ नए अनुभव भी दिए जा सकें।