जयपुर में शादी के करीब साढ़े तीन महीने बाद बिजनेसमैन ने पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग कर लूटने का मामला दर्ज करवाया है। 31 साल के युवक की शादी 26 मार्च 2026 को हुई थी। युवक का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी महंगे गिफ्ट और कीमती आइटम की डिमांड करने लगी। हनीमून पर इंडोनेशिया लेकर गया तो वह स्विट्जरलैंड जाने की मांग करने लगी। क्लब में शराब और नॉनवेज पार्टी करने का दबाव बनाया। फिजिकल रिलेशन बनाने से भी मना कर दिया। एक दिन जब उसका मोबाइल चेक किया तो इंस्टाग्राम, स्नैपचैट आईडी पर उसके न्यूड फोटो-वीडियो मिले, जो उसने दूसरे लड़कों को भेज रखे थे। चैट में लड़कों को होटलों में गलत काम करने के लिए बुलाने और पैसों के लेनदेन का भी जिक्र था। झगड़ा होने पर पत्नी ने अपने पिता को बुला लिया। वह 33 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी के गहने, डायमंड, पन्ने की अंगूठी और 6 लाख रुपए लेकर पिता के साथ चली गई। उसके बाद प्रॉपर्टी हड़पने के लिए झूठे केस की धमकी देने लगी। युवक ने परेशान होकर 12 जुलाई को मालपुरा गेट थाने में मामला करवाया है। आरोप है कि युवती ने संगठित गिरोह की मदद से परिजन-रिश्तेदार बनाकर साजिश के तहत शादी कर उसके साथ लूट की है। सिलसिलेवार पढ़िए, पूरा मामला… शादी से पहले दिल्ली में दोनों के परिवार मिले न्यू सांगानेर रोड के रहने वाले युवक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- मैं कनाडा से पढ़ाई पूरी करके इंडिया लौटा था। मैट्रिमोनियल (शादी) वेबसाइट के जरिए एक लड़की से मेरा परिचय हुआ। एक-दूसरे को पसंद करने पर शादी की बात को आगे बढ़ाया गया। 14 फरवरी को मैं माता-पिता के साथ दिल्ली में लड़की और उसके परिवार से मिलने गया। लड़की पसंद आने पर बिना दहेज के जयपुर के जगतपुरा में शादी करना तय हुआ। लड़की पक्ष की ओर से शादी में 80 मेहमान शामिल होना बताया गया था। 26 मार्च को तय डेट पर दोनों की शादी हो गई। जल्दबाजी में की शादी की रस्में युवक ने आरोप लगाया कि शादी के समय प्रोग्राम में शामिल होने आए लड़की के परिजन और रिश्तेदारों में आपस में मेल-मिलाप नहीं दिख रहा था। शादी में लड़की वालों की ओर से 8-9 लोग (जिसमें कुछ बच्चे) आए थे। मेहमानों के नहीं आने का कारण पूछने पर लड़की वाले टाल गए। शादी के कार्ड न छपवाने की बात भी सामने आई। इस पर लड़की वालों ने कहा था कि प्रिंटिंग मिस्टेक होने के कारण कार्ड नहीं छपवाया गया। इस कारण कार्ड डिजिटल ही भेजे गए। शादी के दौरान भी रस्मों को लेकर वह जल्दबाजी कर रहे थे। विदाई के दौरान भी उनको बेटी को ससुराल भेजने का कोई दुख नजर नहीं आया था। लोगों को नकली रिश्तेदार बनाकर लाए थे। अब पढ़िए- शादी के बाद की कहानी बदला दुल्हन का रवैया आरोप है कि शादी के बाद ससुराल आते ही दुल्हन का रवैया बदल गया। महंगे गिफ्ट और कीमती आईफोन दिलाने की डिमांड करने लगी। मांग पूरी नहीं होने तक पास नहीं आने की धमकी देने लगी। उसकी मांग पूरी करने के लिए 29 मार्च को आईफोन-17 (कीमत 82 हजार 500 रुपए) खरीदकर दिया। हनीमून पर विदेश चलने का दबाव डाला। उसकी बात मानकर इंडोनेशिया में 7 दिन का हनीमून प्लान किया गया। इस पर भी उसने झगड़ा किया और 10 दिन का प्लान बनाया। हनीमून पर जाने के लिए 50 हजार रुपए के कपड़े और महंगे गिफ्ट दिलाए। 12 अप्रैल को इंडोनेशिया हनीमून पर लेकर गया। इंडोनेशिया पहुंचते ही उसका पूरा व्यवहार बदल गया। झगड़ा कर कहने लगी कि बेकार जगह लेकर आ गए। गुस्सा कर बोलने लगी- ‘मुझे तो स्विट्जरलैंड जाना था। वर्ल्ड टूर पर कब लेकर जाओगे। शराब-नॉनवेज और क्लबों में जाने की जिद करने लगी। मना करने पर धमकी दी कि फिजिकल रिलेशन नहीं होने देगी।’ हनीमून से लौटने पर शराब पार्टी का बनाया दबाव युवक ने बताया- हनीमून से जयपुर लौटने के बाद मेरे पिता की प्रॉपर्टी, मकान और इन्वेस्टमेंट के बारे में पूछने लगी। परिवार से अलग रहने की लगातार जिद करने लगी। मेरी शारीरिक बनावट का सरेआम मजाक उड़ाने लगी। क्लबों में शराब और नॉनवेज पार्टी के लिए जाने का दबाव बनाया। इसके लिए मना किया और यह सब माता-पिता को पसंद नहीं आने की बात कही तो उसने संस्कारों का मजाक उड़ाया। कहने लगी कि मैं दिल्ली की मॉडर्न लड़की हूं। इन सब नशों और क्लबिंग के बिना नहीं रह सकती। तुम कनाडा रहकर भी क्या खाक जॉब करके आए हो, जो यह सब चीजें नहीं करते। दकियानूसी बात करते हो। मैं अपने ये सारे महंगे शौक पूरे करूंगी। मैं तुम्हारे या किसी ओर के लिए अपनी लाइफ में कोई कॉम्प्रोमाइज नहीं करूंगी। मेरी लाइफ मेरे रूल्स पर चलती है और मैं अपनी मर्जी से ही जिऊंगी। युवक बोला- पत्नी के सोशल मीडिया अकांउट पर न्यूड-फोटो मिले युवक ने आरोप लगाया- पत्नी मुझे मानसिक प्रताड़ना देकर अपने शौक पूरे करती रही। 6 मई की रात करीब 11 बजे उसका मोबाइल देखा। उसने इंस्टाग्राम, स्नैपचैट आईडी पर कई लड़कों को न्यूड फोटो-वीडियो भेज रखे थे। उनसे अश्लील चैट करती थी। चैट्स में लड़कों को गाजियाबाद, गुरुग्राम और अन्य स्थानों के होटलों में गलत काम करने के लिए बुलाने और एवज में पैसों के लेनदेन का भी लिखा था। कई लड़कों के जरिए बैंक अकाउंट में रुपए भी आए थे। 9 जनवरी को एक ही दिन में 99 हजार 432 रुपए आने का रिकॉर्ड मिला। इस बारे में पूछने पर गुस्से में बोली- ये सब उसके दोस्त हैं, जिन्होंने घूमने-फिरने और होटलों में जाने के एवज में यह पैसा दिया है। कभी बात बदलकर कहने लगी कि यह रकम मेरे पापा की दो नंबर की काली कमाई के है। वे इन्हें ठिकाने लगाने (मनी लॉन्ड्रिंग) के लिए मेरे बैंक अकाउंट्स में ट्रांसफर करवाते हैं। उसने मुझे धमकाया कि मुंह बंद रखो, नहीं तो तुम्हारा वजूद मिटा दूंगी। जिंदगी से हाथ धो बैठोगे। सोने-चांदी और डायमंड की ज्वेलरी लेकर गई, परिवार गायब मिला झगड़ा होने पर उसने अपने पापा को कॉल कर जयपुर बुला लिया। बेटी को लेने आए उसके पापा भी भड़क गए। पहले से सामान पैक कर बैठी उनकी बेटी साथ चली गई। अलमारी संभालने पर 33 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी के गहने, डायमंड, पन्ने की अंगूठी और 6 लाख रुपए गायब मिले। पत्नी को ढूंढने पर परिवार के भी गायब होने का पता चला। बताए गए एड्रेस पर गए तो आस-पड़ोस के लोगों ने मकान बंद होने की बात कही। पत्नी के मम्मी-पापा ने जिस जगह काम करने के बारे में बताया था, वहां भी कोई अस्तित्व नहीं होना पाया गया। डिप्रेशन में लेने लगा दवाइयां युवक ने रिपोर्ट में बताया कि मोबाइल नंबर से कॉन्टैक्ट करने पर पत्नी प्रॉपर्टी हड़पने के लिए झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। धमकी देकर कहने लगी- प्रॉपर्टी मेरे नाम करो, नहीं तो मैं तुम्हारे और तुम्हारे परिवार के ऊपर संगीन केस लगाऊंगी। तुम सब जीवन भर याद रखोगे। या तो जीते-जी यह प्रॉपर्टी मेरे नाम कर दो, नहीं तो तुम्हारे मरने के बाद तो यह वैसे भी मेरे नाम ही आएगी। अब देख लो तुम्हें जीते-जी करनी है या मरने के बाद मुझे मिलेगी। मैं डिप्रेशन में आकर दवाइयां लेने लगा। सभी तथ्यों पर जांच करेंगे SHO मालपुरा गेट उदयभान यादव ने बताया- पीड़ित पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। किसी चैटिंग की बात को लेकर पति-पत्नी में अनबन होना बताया गया है। धोखा देने की बात को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ित पक्ष बयान दर्ज करने के साथ सभी तथ्यों पर जांच की जाएगी।