जयपुर में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घर से आते-जाते समय आरोपी पड़ोसी उसका पीछा करता था। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज की। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेसी) में भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जयपुर की रहने वाली एक 16 साल की स्कूली छात्रा है। पड़ोस में ही रहने वाला आरोपी युवक (20) पिछले काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। जब भी नाबालिग घर से बाहर आती-जाती, आरोपी अपने एक दोस्त के साथ मिलकर उसका पीछा करता था। आरोपी अक्सर रास्ते में लड़की को रोककर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर की मारपीट आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। जब परिजनों ने आरोपी युवक की इस करतूत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने सुधरने के बजाय पीड़िता और उसके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज के पीछे घटना के बाद सहमी पीड़िता अपने परिजनों के साथ स्थानीय थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) व अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल उसके दोस्त की भूमिका की भी जांच कर रही है।