जयपुर में बाइक साइड करने को लेकर हुए झगड़े में एक नाबालिग के पेट में चाकू घोंप दिया गया। चाकू के वार से लहूलुहान होकर जैसे ही लड़का जमीन पर गिरा, हमलावर मौके से फरार हो गया। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने घायल किशोर को SMS अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने गुरुवार शाम को मामला दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।" हेड कॉन्स्टेबल गजानन्द ने बताया- उत्तरप्रदेश फरुखाबाद के कोतवाली निवासी 26 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह ईदगाह रोड सांगानेर में अपने 16 साल के भाई शानू (बदला हुआ नाम) के साथ रहता है। बुधवार रात को शानू शनि बाजार में रहने वाले दोस्त से मिलने गया था। रात करीब 11:15 बजे बाइक साइड करने की बात को लेकर कॉलोनी में रहने वाले लड़के से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों में झगड़ा होने पर मारपीट शुरू हो गई। गुस्साया हमलावर उसे मारने के लिए चाकू निकाल लाया। चाकू से पहले गले पर वार किया। शानू के जैसे-तैसे गले का बचाव किया तो हमलावर ने पेट में चाकू घोंप दिया। पेट से खून निकलने से लहूलुहान होकर नीचे गिरने पर हमलावर वहां से भाग निकला। शानू के घायल होने पर परिजनों को बताकर पुलिस की मदद से SMS हॉस्पिटल पहुंचाया। घायल शानू का SMS हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने नाबालिग पीड़ित के भाई की शिकायत पर FIR दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।