जयपुर के एक प्राइवेट स्कूल में ट्रायल पर पढ़ाने आए टीचर ने 8वीं क्लास के स्टूडेंट को बेरहमी से पीटा। टीचर ने 12 साल के बच्चे के सिर-मुंह पर हाथों से 15-20 वार किए। धक्का देकर दीवार से सिर भिड़ा दिया। इससे बच्चा बेहोश होकर गिर गया। मामला 18 अप्रैल का है। पीड़ित बच्चे के पिता ने 22 अप्रैल को करणी विहार थाने में मामला दर्ज करवाया। उन्होंने आरोपी टीचर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। साथी स्टूडेंट से किताब लेने पर पीटा पुलिस के मुताबिक, बच्चे के पिता ने रिपोर्ट दी है। इसमें उन्होंने बताया कि मेरा बेटा घर के पास ही एक प्राइवेट स्कूल में आठवीं क्लास में पढ़ता है। 18 अप्रैल को स्कूल में गणित (मैथ्स) की ट्रायल क्लास लेने के लिए करणी विहार का रहने वाला धारा सिंह नाम का टीचर आया था। मेरा बेटा क्लास में बेंच के पास खड़ा था और साथी (क्लासमेट) से किताब ले रहा था। यह देखकर टीचर धारा सिंह अचानक गुस्सा हो गया। उसने बच्चे को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। धारा सिंह ने मेरे बेटे के सिर और मुंह पर हाथों से 15 से 20 बार वार किए। इस दौरान जमीन पर बेटे का चश्मा भी गिर गया। वह डर के मारे कांपने लगा। क्लास से पीटते हुए बरामदे में ले गया, दीवार से भिड़ाया सिर पिता ने रिपोर्ट में बताया कि मारपीट से घबराए बच्चे को देखने के बाद भी टीचर नहीं रुका। उसे पीटते हुए क्लास से बाहर बरामदे में ले गया। उसका सिर दीवार से भिड़ा दिया। बेहोश होकर बच्चा गिर गया। क्लासमेट की सूचना पर पहुंचे स्कूल मैनेजमेंट के स्टाफ और अन्य टीचर ने बच्चे को संभाला। पूरे घटनाक्रम के बाद बच्चा घर पहुंच गया। पिटाई से घबराए बच्चे ने अगले दिन स्कूल जाने से मना कर दिया। मैंने बेटे से स्कूल नहीं जाने का कारण पूछा। तब बेटे ने पूरी घटना बताई। इसके बाद मैंने स्कूल प्रबंधन से बात की तो उन्होंने कहा कि ट्रायल पर आए आरोपी टीचर को जॉइनिंग नहीं दी है।