जयपुर नगर निगम ने फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वाले 4 संस्थानों को 180 दिन के लिए सील कर दिया। नगर निगम ने मंगलवार को रिद्धि-सिद्धि स्थित प्रयास कोचिंग संस्थान और चिन्मय ट्यूटोरियल्स के साथ धावास स्थित कर्मा होटल और गोपालपुरा स्थित जनपथ लाइब्रेरी को सील किया। मौके पर नगर निगम की फायर शाखा और विजिलेंस टीम मौजूद रही। नगर निगम में फायर शाखा के उपायुक्त प्रवीण कुमार ने बताया- शहर में बिना फायर एनओसी और आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरणों के संचालित हो रहे भवनों के खिलाफ लंबे समय से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य भवन मालिकों को जागरूक करना और सार्वजनिक भवनों में आग से सुरक्षा के मानकों का पालन कराना है। इससे पहले नगर निगम ने करीब 2500 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए थे, जिनके पास फायर एनओसी नहीं थी या भवनों में निर्धारित फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं थे। नोटिस की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी जिन भवन मालिकों ने नियमों का पालन नहीं किया, उनके खिलाफ अब सीलिंग की कार्रवाई शुरू की गई है। संस्थानों में फायर एनओसी नहीं मिली उपायुक्त प्रवीण कुमार ने बताया- जिन चार संस्थानों को सील किया है, वहां बिना फायर एनओसी और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इससे छात्रों, कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा था। इसी कारण इन भवनों को 180 दिनों के लिए सील करने का निर्णय लिया गया। नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई नगर निगम ने कहा- फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने वाले अन्य संस्थानों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने भवन मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते फायर एनओसी हासिल करें। भवनों में सभी आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण स्थापित करें, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जनहानि से बचा जा सके। नगर निगम अधिकारियों ने कहा- सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों में फायर सेफ्टी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सीलिंग सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।