जयपुर में युवक की हत्या कर शव प्लास्टिक के कट्‌टे में बांधकर फेंक दिया। शव की पहचान छुपाने के लिए आरोपी ने केमिकल डालकर आग लगाकर जला दिया। हालांकि शव पूरा नहीं जला है। करधनी थाना पुलिस ने FSL टीम और डॉग स्क्वायड टीम की मदद से सबूत जुटाए है। गुरुवार को उसका जन्मदिन था, उसी दिन ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के मामले में मृतक की पत्नी को राउंडअप किया है। खाली प्लॉट में फेंककर गए शव एडि.डीसीपी (वेस्ट) राजेश कुमार गुप्ता ने बताया- राहगीरों ने आज सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। इसके बाद करधनी थाना पुलिस ने निवारू पुलिया से कुछ ही दूरी पर एक खाली प्लॉट में जाकर देखा तो अर्द्धजला युवक का शव मिला है। पुलिस ने FSL टीम और डॉग स्क्वायड टीम बुलाकर सबूत जुटाए। प्रथमदृष्टया पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की किसी दूसरी जगह हत्या की गई, जिसके बाद प्लास्टिक के एक बड़े कट्टे में शव को बांधकर देर रात यहां फेंककर ठिकाने लगाया गया। मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसके मुंह और शरीर पर किसी ज्वलनशील केमिकल को डालकर आग लगाई और भाग गए। पुलिस वारदात स्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगाल रही है। जन्मदिन के दिन हुई मौत मृतक की पहचान शेख सहान (34) निवासी मालदा वेस्ट बंगाल के रुप में हुई है। वह खोरा बीसल इलाके के रिद्धी-सिद्धी नगर में परिवार के साथ रहकर मजदूरी का काम करता था। बुधवार रात को वह परिवार को वेस्ट बंगाल जाने की कहकर निकला था। किसी प्रकार का कॉन्टैक्ट नहीं हो पाने के कारण उसकी पत्नी खोरा बीसल थाने में गुरुवार सुबह उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाने पहुंची थी। गुरुवार को उसका जन्मदिन था, उसी दिन ही उसकी मौत हो गई। पत्नी ने हत्या कर नाबालिग बेटे के साथ फेंका शव डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने पत्नी पर शक जाहिर कर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर पत्नी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में बताया कि पति रोज शराब पीकर घर आकर उससे मारपीट करता था। बुधवार रात को शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की। गुस्से में हथौड़े से वार करने से पति बेहोश होकर गिर गया। उसकी मौत का पता चलने पर नाबालिग बेटे की मदद से पति की कचरा उठाने वाली गाड़ी में शव डाल निवारू रोड पर खाली प्लाट में ले गए। पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल छिड़ककर आग लगाकर घर वापस लौट आए।