भष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को 50 हजार रुपए की घूस लेते एक जमादार को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने जयपुर नगर निगम में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। पट्‌टा संबंधी मामले में जमादार की ओर से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। एसीबी की टीम फिलहाल आरोपी जमादार से पूछताछ कर रही है। पट्टा बनवाने के लिए मांगी थी घूस डीजी (एसीबी) गोविन्द गुप्ता ने बताया- जयपुर नगर निगम में एसीबी टीम ने गुरुवार दोपहर कार्रवाई की है। टीम ने आरोपी रामसिंह यादव (28) पुत्र मूलचन्द यादव निवासी श्रीमाधोपुर सीकर को अरेस्ट किया है। आरोपी रामसिंह यादव हवामहल-आमेर जोन नगर निगम जयपुर में पट्टा/लीज ब्रांच में जमादार के पद पर है। मामले में पीड़ित ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई कि जयपुर नगर निगम के हवामहल-आमेर जोन में उसके पिता के नाम पट्टा संबंधी मामला अटका हुआ है। काम के एवज में मांगे थे 2 लाख रुपए पिछले काफी समय से पट्टा संबंधी काम करवाने के लिए वह चक्कर लगा रहा है। नगर निगम में तैनात जमादार रामसिंह की ओर से काम करने के एवज में 2 लाख रुपए की डिमांड की जा रही है। एसीबी की ओर से शिकायत का सत्यापन करवाया गया। रिश्वत डिमांड का पता चलने पर एसीबी की ओर से ट्रेप का च्रकव्यू रचा गया। एसीबी ने गुरुवार दोपहर परिवादी को रिश्वत की रकम के 50 हजार रुपए लेकर भेजा। जमादार की ओर से घूस के 50 हजार रुपए लेते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोचा लिया।