जयपुर में झोटवाड़ा जोन एरिया में सीवर चैम्बर में उतरने से दो सफाई कर्मचारियों की मौत के मामले में नगर निगम ने जांच कमेटी बनाई है। इस कमेटी में अतिरिक्त आयुक्त समेत 6 अधिकारियों को शामिल किया गया है। ये कमेटी 7 दिन में अपनी जांच रिपोर्ट अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय नगर निगम को सौंपेगी। इस कमेटी में अतिरिक्त आयुक्त सैकंड प्रवीण कुमार, उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, उपायुक्त झोटवाड़ा मनीषा यादव, अधीक्षण अभियंता (सीवर) चरण सिंह मीणा, अधीक्षण अभियंता दिनेश चंद गुप्ता और अधिशाषी अभियंता (गैराज) गोपाल मूण्ड को रखा है। आपको बता दें 17 अप्रैल को झोटवाड़ा जोन के वार्ड 24 में सीवर चैम्बर की सफाई के लिए दो कर्मचारियों को उसमें उतारा था। इस दौरान वहां जहरीली गैस से दोनों कर्मचारियों का दम घुट गया और वह वहीं बेहोश हो गए। जिनको बाद में उपचार के लिए कांवटिया हॉस्पिटल लेकर गए और डॉक्टरों ने कुछ देर तक उन्हें सीपीआर देकर इलाज किया, लेकिन आखिर में दोनों कर्मचारियों ने दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद सफाई कर्मचारी यूनियन ने विरोध प्रदर्शन करते हुए देर रात तक कावंटिया हॉस्पिटल के बाहर डेडबॉडी रखकर धरना दिया था। --- इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 2 की मौत:जयपुर में सीवरेज टैंक की सफाई करने उतरे, सांस नहीं आने पर चिल्लाने लगे थे जयपुर में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान 2 मजदूरों का जहरीली गैस से दम घुटने लगा, तो दोनों चिल्लाने लगे। सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को सीवरेज टैंक से निकालकर कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी बिना सेफ्टी किट के सीवरेज में सफाई के लिए उतरे थे। (पूरी खबर पढ़ें)