जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्मैक बेचते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए तीन दिवसीय विशेष अभियान 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला विशेष टीम (DST) जयपुर ईस्ट और सांगानेर, बस्सी, कानोता और प्रताप नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। टीम ने चार स्मैक तस्कर शिव कुमार, नैनतारा, मेहर और लक्की को गिरफ्तार किया। आरोपियों से कुल 18 ग्राम 23 मिलीग्राम स्मैक और 1,800 रुपए की बिक्री राशि बरामद की गई है। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- 18 से 20 जुलाई तक स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, छात्रावास, अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, होटल, ढाबों, चाय की थड़ियों, किराये के कमरों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। 68 साल की महिला बेच रही थी स्मैक सांगानेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 68 वर्षीय नैनतारा सांसी को गिरफ्तार कर उससे 7 ग्राम 9 मिलीग्राम स्मैक बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। बस्सी थाना पुलिस ने शिव कुमार (42) को गिरफ्तार कर उससे 6 ग्राम 89 मिलीग्राम स्मैक बरामद की। वहीं कानोता थाना पुलिस ने 19 वर्षीय लक्की को गिरफ्तार कर उससे 1 ग्राम 59 मिलीग्राम स्मैक जब्त की। इसी प्रकार प्रताप नगर थाना पुलिस ने 19 वर्षीय मेहर को गिरफ्तार किया। उससे 2 ग्राम 66 मिलीग्राम स्मैक और नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 1,800 रुपए बरामद किए गए। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।