पंचायत चुनाव के तहत जयपुर जिले की 112 ग्राम पंचायतों में वार्ड पंच और सरपंच के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा-डाबड़ी, शाहपुरा पंचायत समितियों में आने वाली इन ग्राम पंचायतों में शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी, जिसके बाद मतगणना शुरू करके देर रात ​तक रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। इससे पहले गुरुवार को इन ग्राम पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया हुई। 112 ग्राम पंचायतों में सरपंच बनने के लिए कुल 928 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें कौन जीता और कौन हारा ये आज देर रात तक पता चलेगा। 413 पोलिंग बूथ बनाए इन चुनावों के लिए निर्वाचन आयोग ने इन सभी 112 ग्राम पंचायतों में कुल 413 पोलिंग बूथ बनाए है। इन पोलिंग बूथ पर कुल 3 लाख 78,364 वोटर्स है। वोटिंग सुबह 7 बजे से हुई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। शाम 6 बजे वोटिंग खत्म होने के बाद मतपत्रों की गणना शुरू की जाएगी और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाएंगे। 1273 उम्मीदवारों ने भरा था नामांकन कल हुई नामां​कन प्रक्रिया के दौरान इन सभी ग्राम पंचायतों में 1273 उम्मीदवारों ने 1279 नामांकन पत्र भरे थे। इन नामांकन पत्रों की जांच करने के बाद बचे 1273 उम्मीदवारों में से 345 उम्मीदवारों ने नाम वापस लेकर मैदान छोड़ दिया। अब 928 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे है। आमेर, जालसू में सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतें दूसरे चरण के चुनाव में 5 पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे है। इसमें सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतें आमेर और जालसू पंचायत समितियों में 25-25 है। अमरसर पंचायत समिति में 22, रामपुरा-डाबड़ी में 21 और शाहपुरा में 19 है।