जयपुर पुलिस ने दो हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वह आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार लेकर घूम रहे थे। सांगानेर थाना पुलिस ने दोनों बदमाशों को बुधवार रात अरेस्ट कर उनके कब्जे से 2 पिस्टल व कारतूस जब्त किए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात के लिए पिस्टल लेकर आना स्वीकार किया है। डीसीपी (वेस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया- आर्म्स एक्ट में बदमाश रोहन मलिक (28) निवासी रहीम नगर खोह नागोरियान और गणेश (24) निवासी गोजासर जोधपुर हाल पुष्कर बाईपास गैंगल अजमेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों अवैध हथियार जयपुर में वारदात को अंजाम देने के लिए लाना बताया है। दोनों बदमाश दौसा में दोस्त से पिस्टल लेकर जयपुर वारदात को अंजाम देने आए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई केस दर्ज हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा एडि. डीसीपी (वेस्ट) आलोक कुमार सिंघल ने बताया- डीएसटी ईस्ट इंचार्ज बन्ना लाल को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम बनाकर भेजी गई। टीम ने हुलिए के आधार पर एयरपोर्ट दीवार के पास घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को स्लीप लाइन में धर-दबोचा। तलाशी में दोनों बदमाशों के पास एक-एक पिस्टल और एक-एक कारतूस मिले।