जयपुर पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दोस्त से हथियार लाने की बात कही। दोनों बदमाश किसी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के विशेष अभियान 'ऑपरेशन आग' के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) जयपुर ईस्ट और सांगानेर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के नाम रोहन मलिक (28) निवासी रहीम नगर ग्रीन पार्क, खोह नागोरियान और गणेश मेघवाल (24) निवासी श्रीकृष्ण नगर, हाल होटल करणी कृपा, पुष्कर बाईपास, अजमेर है। सांगानेर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूम रहे थे आरोपी पुलिस उपायुक्त जयपुर ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि संगठित अपराध, अवैध हथियार रखने वालों और गैंगवार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सांगानेर क्षेत्र में दो युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में सांगानेर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूछताछ में दोस्त से हथियार लाना कबूला प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ये हथियार उनके एक दोस्त ने दिए थे। वे इन हथियारों का इस्तेमाल अपने आपराधिक गतिविधियों में करने के उद्देश्य से जयपुर लेकर आए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति कौन है और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है। आरोपी गणेश मेघवाल के खिलाफ 8 आपराधिक मामले, जबकि रोहन मलिक के खिलाफ 3 मामले कई थानों में दर्ज है। अधिकांश प्रकरण आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे और उनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।