जयपुर में अब आमजन को अपने क्षेत्र के बीट पुलिस अधिकारी से लेकर DCP तक के संपर्क और डिटेल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जयपुर पुलिस ने पुलिस और आमजन के बीच कॉ-ऑर्डिनेशन मजबूत करने के उद्देश्य से ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ (Know Your Police Beat) QR कोड आधारित जागरूकता बोर्ड लगाने की पहल शुरू की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने गुरुवार को इस पहल का लोकार्पण किया। इसकी शुरुआत मानसरोवर थाना क्षेत्र से होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में ये बोर्ड लगाए जाएंगे। QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी अधिकारियों की जानकारी इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक बीट के लिए अलग QR कोड निर्धारित किया गया है। संबंधित बीट में लगाए जाने वाले जागरूकता बोर्ड पर मौजूद QR कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही नागरिकों को पुलिस से जुड़ी आवश्यक जानकारी मिल सकेगी। इसमें संबंधित पुलिस थाने का पता, गूगल लोकेशन और संपर्क नंबर के साथ DCP, अतिरिक्त DCP, ACP, थाना प्रभारी (SHO) और बीट अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध होगा। हर बीट में लगेंगे 7 से 10 बोर्ड पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि प्रत्येक बीट क्षेत्र में उपयुक्त स्थानों पर 7 से 10 जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों तक इस सुविधा को पहुंचाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकें। अधिकारियों के तबादले पर भी अपडेट रहेगी जानकारी इस पहल की खासियत यह है कि पुलिस अधिकारियों के तबादले या पदस्थापन में बदलाव होने पर भी QR कोड स्कैन करने पर संबंधित पद पर तैनात नए अधिकारी का नाम और संपर्क नंबर प्रदर्शित होगा। इससे नागरिकों को पुरानी जानकारी के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और उन्हें अधिकारियों के अद्यतन संपर्क विवरण आसानी से मिल सकेंगे। पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की पहल जयपुर पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाना है। इसके जरिए नागरिक अपने क्षेत्र की पुलिस से सीधे जुड़ सकेंगे और आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे। मानसरोवर से शुरू होने वाली यह पहल चरणबद्ध रूप से पूरे जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में लागू की जाएगी। लोकार्पण कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश, एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय सिंह, एडिशन पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा, एडिश्नल पुलिस कमिश्नर (क्राइम) डॉ. रामेश्वर सिंह, डीसीपी (क्राइम) योगेश गोयल, डीसीपी साउथ राजर्षि राज और डीसीपी मुख्यालय अनुष्ठा कालिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।