जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की है। बिना आधिकारिक अनुमति के लंबे समय से अनुपस्थित और निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी पर आदेश के बाद भी गैरहाजिर रहने पर 4 कॉन्स्टेबलों (प्रशिक्षु) की सेवा समाप्त कर दी है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा- पुलिस बल में अनुशासन सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इलेक्शन जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी पर भी नहीं आना अनुशासनहीनता है। किसी भी कार्मिक की अनधिकृत गैरहाजिरी से ड्यूटी व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस फोर्स के अनुशासन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए 4 कॉन्स्टेबलों (प्रशिक्षु) को सेवा से हटाने के निर्देश दिए । इस संबंध में डीसीपी (मुख्यालय) अनुष्ठा कालिया ने आदेश जारी किए हैं। सेवा से पृथक होने वाले रिक्रूट कॉन्स्टेबलों में लोकेश कश्यप , विजय सिंह, मोहरी लाल और बजरंग लाल शामिल हैं।