जयपुर में शराब पीकर गाड़ी चलाने पर पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के तहत दो दिन में 557 वाहन पकड़े गए। शराब पीकर ड्राइविंग करते 271 लोगों के खिलाफ एक्शन लिया गया। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया है। जयपुर पुलिस की ओर से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 23 अक्टूबर से शुरू किए विशेष अभियान के तहत जयपुर कमिश्नरेट के चारों जिलों में नाकाबंदी कर वाहन ड्राइवरों की जांच की जा रही है। एक दिन में 271 ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई पिछले 24 घंटे में शराब पीकर वाहन चलाने पर कुल 271 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें जयपुर ईस्ट जिले में 74, वेस्ट जिले में 37, नॉर्थ जिले में 25 और साउथ जिले में 33 और ट्रैफिक पुलिस की ओर से 102 कार्रवाई की गई। वहीं, 23 अक्टूबर से जारी विशेष अभियान के दौरान अब तक कुल 557 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें अब तक जयपुर ईस्ट जिले में 112, वेस्ट जिले में 85, नॉर्थ जिले में 64 और साउथ जिले में 68 और ट्रैफिक पुलिस की ओर से 228 कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया- शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और वाहन ड्राइवर के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती हैं। उन्होंने कहा- यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए जयपुर पुलिस की ओर से इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।