जयपुर की डीएसटी (वेस्ट) पुलिस ने फ्लैट में छिपे बैठे 4 बदमाशों को मंगलवार देर रात दबिश देकर पकड़ा है। फ्लैट की तलाशी में बदमाशों के पास से 50 पासपोर्ट और 32 मुहर मिली है। बदमाशों की गैंग विदेश में जॉब लगाने का झांसा देकर ठगी करती थी। झोटवाड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में कुचामन निवासी लोकेंद्र और विजयपाल सिंह, झुंझुनूं निवासी लोकश व रीगंस निवासी गोगराज को पकड़ा है। फ्लैट में छिपे थे बदमाश डीएसटी वेस्ट के ASI मनेन्द्र और कॉन्स्टेबल कोमल सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि झोटवाड़ा इलाके में स्थित शिवशंकर टावर अपार्टमेंट के फॉर्थ फ्लोर पर फ्लैट में कुछ बदमाश छिपे हुए है। डीएसटी इंचार्ज गणेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने बुधवार देर रात फ्लैट में दबिश दी। रेड के दौरान फ्लैट में डीडवाना के मकराना का वांटेड बदमाश लोकेंद्र सिंह अपने तीन साथियों के साथ मिला। डायमंड वीजा सर्विस के नाम से करते थे फ्रॉड पुलिस ने चारों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने विदेश में जॉब का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का काम करना बताया। फ्लैट की तलाशी में 50 पासपोर्ट, 32 मोहरे , 3 मोबाइल और हिसाब की 5 डायरी मिली। जांच में सामने आया कि गिरोह के बदमाश डायमंड वीजा सर्विस के नाम से फ्रॉड का काम करते है। इस फर्म के जरिए लोगों को विदेश भेजकर जॉब लगाने का झांसा इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए दिया जाता था। वीजा दिलवाकर ड्राइवर-माली-मिस्त्री आदि के नाम पर विदेश में जॉब लगाकर भेजने का झांसा देकर लाखों रुपए फ्रॉड करते थे।