जयपुर के श्री क्षत्रिय युवक संघ के संघ शक्ति कार्यालय तारानगर झोटवाड़ा में राजपूत सर्वोत्तम सहयोग संस्थान भारत संगठन की ओर से बुधवार को असहाय परिवारों की मदद का कारवां 212वीं कड़ी तक पहुंचा। संस्थान की ओर से अब तक राजस्थान सहित एमपी, यूपी, बिहार, हरियाणा और अन्य राज्यों के असहाय परिवारों को करीब 7.50 करोड़ रुपए का आर्थिक संबल दिया जा चुका है। सहयोग संस्थान के संस्थापक महेंद्र सिंह जाखली और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया- कोरोनाकाल जैसी त्रासदी के बाद इससे पीड़ित परिवारों की मदद के लिए सहयोग संस्थान की साल 2023 में स्थापना की गई। स्थायी सहयोगकर्ताओं को संस्थान से जोड़ा और असहाय परिवारों तक निस्वार्थ भावना से मदद पहुंचाना शुरू किया। संस्थान के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सांवली और भवानी सिंह राठौड़ ने बताया- विधवा महिलाएं, अनाथ बच्चे व जिनके परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। ऐसे परिवारों को चिन्हित कर उन्हें आर्थिक संबल के रूप में नकद रुपए देने के साथ ही आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन देकर मदद कर रहे हैं। विवाह सम्मेलनों में करते मदद संस्थान संघ प्रमुख गणपत सिंह राठौड़ एवं मंजीत सिंह अमरपुरा ने बताया- सामाजिक सरोकार के रूप में विवाह सम्मेलनों एवं समारोह में कन्यादान, सगाई समारोह, ब्लड कैंप, सिलाई मशीन वितरण, आर्थिक संबल के रूप में नकद रुपए देकर मदद पहुंचा रहे हैं। वहीं संस्थान से जुड़े नंदू सिंह नरूका व नाथू सिंह खींची ने बताया- संस्थान के शिक्षा कोष से सीकर के सांवली में शिक्षण संस्थान भी संचालित किया जा रहा हैं। इसमें 100 से ज्यादा बच्चे निशुल्क शिक्षण कर रहे हैं। यहां बच्चों को कई तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कार्रवाई जाती है। संस्थान के अरुण सिंह ने बताया- असहाय परिवारों को 1 से 21 लाख रुपए तक की नकद रुपए देकर मदद की गई है। वहीं संस्थान से जुड़े प्रवासी साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, सऊदी, कुवैत और अन्य देशों से भी मदद भेजते हैं। संस्थान की ओर से दहेज विरोधी और नशा विरोधी अभियान भी चलाया जा रहा है।