जयपुर में RTO दस्ते के मारपीट कर ट्रक ऑनर का सिर फोड़ने का मामला सामने आया है। ट्रक ओवर लोड की बताकर 50 हजार रुपए का चालान भरने को लेकर कहासुनी हुई थी। मोबाइल पर वीडियो बनाने पर गुस्साएं आरटीओ कर्मियों ने डंडा निकालकर मारपीट की। SMS हॉस्पिटल में घायल ट्रक ऑनर का इलाज करवाया गया। पीड़ित के बेटे ने कानोता थाने में सोमवार शाम मामला दर्ज करवाया है। SI सुभाष ने बताया- बूंदी के करवर गांव निवासी बबलू (20) ने कानोता थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह अपने पापा कालूराम व परिवार मेंबर के साथ ट्रक में खिलौने भरकर झारखण्ड बेचने के लिए निकले थे। रविवार रात करीब 10:30 बजे हिंगोनिया टोल क्रॉस किया। आरोप है कि करीब 1 KM जाने के बाद पीछे से सफेद कलर की बोलेरो आई। ट्रक के आगे बोलेरो गाड़ी लगवाकर रुकवा लिया। RTO की बोलेरो में चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। ट्रक को ओवर लोड बताकर 50 हजार रुपए के चालान भरने का दबाव बनाने लगे। गरीब होने की कहकर 2 हजार रुपए देने की कहने पर वह नहीं माने। इस दौरान उनका वीडियो बनाने पर गुस्साएं पुलिसकर्मियों ने गाड़ी में से डंडा निकाल लिया। डंडे से मोबाइल तोड़ने के साथ ही मारपीट करने लगे। डंडे की पिता कालूराम के सिर पर लगने पर खून बहने लगा। खून से लथपथ हालत में देखकर बोलेरो में बैठकर RTO दस्ता भाग निकला। घायल हालत में पिता कालूराम का SMS हॉस्पिटल में इलाज करवाया गया। इस दौरान कालूराम के बेटे के हाथ में भी चोट आई। हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने पर कानोता थाने में FIR दर्ज करवाई गई।