आरटीओ प्रथम कार्यालय में मंत्रालयिक कर्मचारियों और सूचना सहायकों के कामकाज में बड़ा बदलाव किया गया है। नए रोस्टर आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिनमें कई बाबुओं और सूचना सहायकों की सीटें बदली गई हैं। थ्री डिजिट घोटाले से जुड़े कुछ कर्मचारियों को पब्लिक डीलिंग वाले काम से दूर किया गया है, जबकि कई नई सीटों पर नए कार्मिकों को जिम्मेदारी दी गई है। आदेश आज से ही लागू होंगे। आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि कार्यालय में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट और गैर परिवहन शाखा में काम का दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी को देखते हुए अधिकांश स्टाफ को उन शाखाओं में लगाया गया है, जहां रोजाना फाइलों और आवेदनों की संख्या ज्यादा रहती है। इससे काम का बंटवारा बेहतर होगा और लोगों के काम तेजी से हो सकेंगे। ‘मे आई हेल्प यू’ डेस्क को किया मजबूत आरटीओ प्रथम ने बताया- ऑफिस में आने वाले लोगों को सुविधा देने के लिए “मे आई हेल्प यू” डेस्क को पहले से मजबूत किया गया है। यहां दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि लोगों को फॉर्म, प्रक्रिया और संबंधित काउंटर की जानकारी आसानी से मिल सके। पब्लिक डीलिंग सीटों पर बदले गए कर्मचारी उन्होंने बताया- नए रोस्टर में पब्लिक डीलिंग से जुड़ी सीटों पर खास बदलाव किया गया है। थ्री डिजिट घोटाले से जुड़े कुछ बाबुओं को ऐसी सीटों से हटाया गया है, जहां आम लोगों से सीधा संपर्क रहता है। उनकी जगह दूसरे कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है। नई सीटों पर नए कर्मचारियों को मौका कई सीटों पर नए कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है। विभाग ने काम के हिसाब से स्टाफ की नई तैनाती की है, ताकि हर शाखा में काम संतुलित तरीके से चल सके और किसी एक सेक्शन पर ज्यादा दबाव न रहे। आरटीओ प्रथम द्वारा जारी रोस्टर आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुसार काम संभालने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को उम्मीद है कि इस बदलाव से ऑफिस की व्यवस्था और कामकाज दोनों बेहतर होंगे।