डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सीएम भजनलाल शर्मा ने नगरीय क्षेत्रों में 200 ई लाइब्रेरी खोलने की घोषणा की है। प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को फायदा मिलेगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति (एससी) के युवाओं के लिए अंबेडकर पीठ मूंडला, जयपुर में अंबेडकर आवासीय कोचिंग केंद्र खोलने की भी घोषणा की है। सीएम भजनलाल शर्मा ने आज ये घोषणाएं भवानी निकेतन परिसर में आयोजित डॉ. बी. आर. अंबेडकर जयंती समारोह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। अपने संबोधन के दौरान सीएम ने कहा कि हमारी सरकार के दो साल में उठाए गए कदमों का परिणाम है कि प्रदेश में अनुसूचित जाति और जनजाति पर हो रहे अत्याचारों में 28 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। गांधी परिवार खुद को भारत रत्न देने में व्यस्त रहा सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया। उन्होंने बाबा साहब को कभी टिकट नहीं दिया, उसके बाद उन्हें हराने की कोशिश की। कांग्रेस ने नेहरू और इंदिरा गांधी को भारत रत्न देने का काम किया। गांधी परिवार हमेशा खुद को भारत रत्न देने में व्यस्त रहा। लेकिन इन्हें बाब साहेब की याद नहीं आई। डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न 1990 में बीजेपी के समर्थन से बनी सरकार ने दिया। कांग्रेस ने बाबा साहेब के पूरे जीवनकाल में उन्हें कभी उचित सम्मान नहीं दिया। उन्हें मंत्रिमण्डल से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। कांग्रेस वंचित-पिछड़ों के वोट के लिए दिखावा करती है सीएम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस केवल वंचित-पिछड़ों की बात करती है। वोट और राजनीति के लिए दिखावा करती है। कांग्रेस ने बाबा साहेब के बनाए गए संविधान का सबसे ज्यादा उल्लंखन किया है। कांग्रेस द्वारा थोपे गए आपातकाल को यह देश कभी नहीं भूल सकता है। आपातकाल के समय कांग्रेस ने संविधान की आत्मा को कुचल दिया था। संविधान की मूल भावना को कांग्रेस ने अपने सत्ता लोभ की भेंट चढ़ाया है।