जयपुर में मुरलीपुरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक चोरी की स्कॉर्पियो (24 BH 6361B) बरामद कर ली। लगातार ट्रैकिंग करते हुए पुलिस टीमें मानसरोवर मेट्रो स्टेशन तक पहुंचीं, जहां के बाद संदिग्ध वाहन कैमरों की नजर से ओझल हो गया। इसके बाद टीमों ने इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान चोरी हुई स्कॉर्पियो एक सुनसान गली में खड़ी मिली। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- वाहन चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने 2 विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान 100 से अधिक फुटेज खंगाले गए, जिनमें गाड़ी में तीन संदिग्ध चोरों की गतिविधि सामने आई। जांच में सामने आया कि चोरों ने एक विशेष तकनीकी डिवाइस का उपयोग कर गाड़ी के सेंट्रल लॉक सिस्टम को बदल दिया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वारदात को पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया। वाहन बरामद होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पूरी रात निगरानी रखी। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है और पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई है। अब देखिए, पुलिस कार्रवाई से जुड़ी PHOTOS…