राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत पहली विशेष ट्रेन सोमवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर और रिबन काटकर ट्रेन को रवाना किया। ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां एक दिन ठहराव रहेगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को मदुरै ले जाकर मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यह ट्रेन 20 जुलाई को जयपुर लौटेगी। ट्रेन रवाना होने से पहले दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देवस्थान मंत्री ने यात्रा पर जा रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शुभकामनाएं दीं। स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं और उनके परिजनों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही। पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन में चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। रामेश्वरम यात्रा को बताया सौभाग्य देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया- रामेश्वरम की यात्रा हर श्रद्धालु के लिए विशेष अवसर होती है। उन्होंने कहा- मुझे भी अब तक रामेश्वरम में दर्शन का अवसर नहीं मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए बताया कि सरकार की इस योजना से वरिष्ठ नागरिक बिना आर्थिक बोझ के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर पा रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे रामेश्वरम में राजस्थान की खुशहाली, अच्छी बारिश, किसानों और देश की उन्नति के लिए भी प्रार्थना करें। चार जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन में चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। इनमें जयपुर के 161, कोटपुतली-बहरोड़ के 177, धौलपुर के 213 और झालावाड़ के 419 श्रद्धालु शामिल हैं। जयपुर और कोटपुतली-बहरोड़ के यात्री दुर्गापुरा स्टेशन से सवार हुए, जबकि धौलपुर और झालावाड़ के यात्री सवाईमाधोपुर स्टेशन से ट्रेन में शामिल हुए। देवस्थान मंत्री ने बताया- योजना के तहत 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर और 30 जुलाई को उदयपुर से भी रामेश्वरम-मदुरै के लिए विशेष ट्रेनें रवाना की जाएंगी। 20 जुलाई से नेपाल के लिए हवाई यात्रा देवस्थान मंत्री ने वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के लिए हवाई यात्रा का कार्यक्रम भी जारी किया। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर तक प्रतिदिन नई दिल्ली से काठमांडू के लिए उड़ान संचालित होगी। हर दिन 44 वरिष्ठ नागरिक नेपाल जाएंगे। पहले चरण में कुल 2,860 वरिष्ठ नागरिक पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे, जबकि बाकी यात्रियों को दिसंबर में भेजा जाएगा। स्वास्थ्य और सुरक्षा की व्यवस्था यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए 30 सरकारी कर्मचारियों का दल भी ट्रेन के साथ भेजा गया है। इनमें ट्रेन प्रभारी, अनुदेशक, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा सहायता, भोजन, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाएगा। कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल, महामंत्री रेखा राठौड़, नवरत्न नाराणिया, सुरेंद्र पूर्ववंशी, आईआरसीटीसी के सीआरएम मुकेश सैनी, मैनेजर प्रदीप माहेश्वरी, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त रतनलाल योगी, महेंद्र देवतवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।