जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए हवाई कनेक्टिविटी लगातार मजबूत होती जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शारजाह के लिए फ्लाइट सेवा शुरू कर दी है। इससे जयपुर से खाड़ी क्षेत्र की यात्रा करने वाले पैसेंजर्स को एक और सीधा विकल्प मिल गया है। वहीं, दूसरी तरफ मुबई के लिए शुरू हुई स्पाइसजेट की नई फ्लाइट पहले दिन ही कैंसिल हो गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX - 6027 जयपुर से सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर शारजाह के लिए रवाना होगी। वापसी में फ्लाइट IX - 6028 शाम 7 बजकर 5 मिनट पर शारजाह से जयपुर पहुंचेगी। इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट दुबई के लिए संचालित होती थी, लेकिन अब शेड्यूल में बदलाव करते हुए शारजाह रूट पर सेवा शुरू की गई है। शारजाह के लिए एयर अरबिया की फ्लाइट पहले से संचालित है, ऐसे में अब यात्रियों के पास विकल्प और बढ़ गए हैं। कनेक्टिविटी मजबूत हो रही खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासी भारतीयों और व्यापारिक पैसेंजर्स के लिए यह फ्लाइट काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। वहीं, जयपुर एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ने से एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी भी मजबूत हो रही है। पहले ही दिन कैंसिल हुई मुंबई की फ्लाइट वहीं दूसरी तरफ स्पाइसजेट की नई शुरू हुई मुंबई फ्लाइट पहले ही दिन पैसेंजर्स के लिए परेशानी का कारण बन गई। गुरुवार से शुरू हुई फ्लाइट SG-170 को 11:25 बजे जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होना था। अपने पहले ही दिन कैंसिल कर दी गई। इससे फ्लाइट में टिकट बुक कर चुके पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से कई पैसेंजर्स एयरपोर्ट पर ही फंस गए। उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जूझना पड़ा। हालांकि एयरलाइन की ओर से कैंसिलेशन के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। ऐसे में एक ओर जहां जयपुर एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार हो रहा है, वहीं घरेलू उड़ानों में इस तरह की अनियमितताएं पैसेंजर्स की चिंता बढ़ा रही हैं। ऐसे में पैसेंजर्स को बेहतर और भरोसेमंद सेवा उपलब्ध कराना एयरलाइंस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।