जयपुर में शास्त्री नगर क्षेत्र में नाले में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है। शास्त्री नगर थाना इलाके में मंगलवार शाम करीब चार बजे राणा कॉलोनी और व्यास कॉलोनी के बीच बने नाले में युवक की लाश मिली। पास में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। उनकी बॉल नाले में चली गई। इस पर वे नाले की तरफ गए तो लाश दिखी। स्थानीय लोगों के अनुसार- नाले के आसपास अक्सर नशा करने वाले लोग घूमते रहते हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतक भी गलती से गिर गया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने देखा शव थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया- शाम करीब चार बजे नाले के पास बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान गेंद नाले की ओर चली गई। जब बच्चे गेंद लेने पहुंचे तो उन्होंने नाले में शव तैरता देखा। शव देखकर बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। चार दिन पुरानी बताई जा रही बॉडी पुलिस के अनुसार- शव करीब चार दिन पुराना लग रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका है। इससे मृतक की उम्र का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और भूरे रंग का पायजामा पहन रखा था। उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी अक्षर “R” लिखा हुआ है। शव मॉर्च्युरी में रखवाया पुलिस ने शव को पहचान के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने अज्ञात मर्ग दर्ज कर मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।