जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में कलेक्टर संदेश नायक और नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा औचक निरीक्षण पर पहुंचे। गर्मी के मौसम में मरीजों और उनके परिजनों को मिल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर संदेश नायक ने बताया- सवाई मानसिंह अस्पताल आमजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में यहां आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले अटेंडेंट्स को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। हॉस्पिटल में पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था, बिजली और दवाइयों की उपलब्धता जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। इसके लिए मेडिकल स्टाफ के साथ भी लगातार संवाद किया जा रहा है, ताकि समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके। अब देखिए, निरीक्षण से जुड़ी PHOTOS… अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा कलेक्टर संदेश नायक ने बताया- अस्पताल परिसर में लंबे समय से सीवरेज और अतिक्रमण जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके स्थाई समाधान के लिए नगर निगम के साथ मिलकर योजना बनाई जा रही है। जल्दी ही अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा। वहीं अस्पताल के बाहर गंदगी और पार्किंग की अव्यवस्था को लेकर भी प्रशासन गंभीर है। इस संबंध में जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि समन्वय के साथ इन समस्याओं का परमानेंट समाधान किया जा सके। बरसात के मौसम में अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या को देखते हुए इस बार पहले से तैयारी की जा रही है। सीवरेज लाइनों की व्यापक सफाई कराई जाएगी कलेक्टर ने बताया कि बारिश से पहले विशेष अभियान चलाकर सीवरेज लाइनों की व्यापक सफाई कराई जाएगी, जिससे हर साल होने वाली परेशानी से मरीजों को राहत मिल सके। इसके साथ ही हॉस्पिटल के जर्जर हिस्सों की मरम्मत को लेकर भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।