जयपुर की एक स्पोर्ट्स एकेडमी में किराना व्यापारी सत्येंद्र (47) की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। स्विमिंग पूल में मिले व्यापारी के शव में सिर के पीछे चोट के निशान मिले हैं। नारायण विहार थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। रविवार को मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी (मानसरोवर) आदित्य काकड़े ने बताया कि भांकरोटा के मुकंदपुरा रोड निवासी सत्येंद्र चौधरी की डेथ हुई है। वह किराना की दुकान चलाता था। पिछले 3-4 दिन पहले ही उसने स्पोर्ट्स एकेडमी जॉइन की थी। मृतक के भाई रंजीत चौधरी ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच सत्येंद्र स्विमिंग के लिए गए थे। कुछ समय बाद परिवार को फोन पर सूचना मिली कि वह पूल के पास गिर गए हैं और अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया जा रहा है। सिर के पीछे मिले चोट के निशान आरोप है कि स्पोर्ट्स एकेडमी पहुंचने पर वहां कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। CCTV सिस्टम भी मौके से गायब था। स्विमिंग पूल में गिरने से मौत होने पर सिर के पीछे चोट के निशान नहीं होते। परिजनों को शक है कि पीछे से वार कर सत्येंद्र की हत्या की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा एसीपी (मानसरोवर) आदित्य काकड़े ने बताया- मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। मौत डूबने से हुई है या किसी कारण से हुई, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी।