जयपुर में सस्पेंड पुलिस कॉन्स्टेबल का किडनैप कर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पिस्टल लगाकर उसे जबरन कार में बैठाया। बदमाश चलती कार में मारपीट कर 1.25 लाख रुपए लूटने के बाद उसे छोड़कर भाग गए। पूरी घटना का सीसीटीवी VIDEO भी सामने आया है। वारदात जगतपुरा 7 नंबर चौराहा पर सोमवार रात 10 बजे की है। जिसके बाद रामनगरिया थाने में पीड़ित पुलिस कॉन्स्टेबल की पत्नी ने शिकायत दर्ज करवाई है। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पहले देखिए, वारदात की ये PHOTO'S मालवीय नगर में खाना खाने के लिए निकले थे पति-पत्नी पुलिस ने बताया कि रामनगरिया के जगतपुरा निवासी तरुण राज (32) का किडनैप हुआ था। वह राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर था। साल-2021 में जालोर में शराब तस्करों से मिलीभगत मामले में सस्पेंड चल रहा है। सोमवार रात वह अपनी पत्नी के साथ खाना खाने के लिए कार से मालवीय नगर के लिए निकले थे। वे रात करीब 10 बजे जगतपुरा 7 नंबर चौराहे पर कार रोक कोई सामान लेने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान स्विफ्ट कार उसके पास आकर रुकी। कार सवार 3-4 बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उसे जबरन अंदर बैठा लिया। पत्नी ने कार के आगे खड़ी होकर बचाने की भी की कोशिश शोर-शराबा होने पर पत्नी ने कार के आगे खड़ी होकर बचाने की कोशिश भी की। लेकिन किडनैपर्स जबरन कार में डालकर उसे उठा ले गए। चलती कार में मारपीट कर उसकी जेब में रखे करीब 40 हजार रुपए छीन लिए। इतना ही नहीं ऑनलाइन 85 हजार रुपए भी ट्रांजेक्शन करवा लिए। करीब आधे घंटे तक कार को इधर-उधर घुमाया, फिर कार से बाहर छोड़कर बदमाश भाग गए। जांच में आपसी लेनदेन का बताया जा रहा है मामला जांच अधिकारी गजानंद मीना का कहना है कि पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में मामला आपसी लेनदेन का होना पता चला है। मामले की जांच की जा रही है।