विद्याधर नगर थाना इलाके में बाप-बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि 18 अप्रैल को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। घटना के अनुसार, वह अपनी दुकान के बाहर काम कर रहा था, तभी तेज रफ्तार कार उसकी गाड़ी से टकरा गई। इस बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद आरोपी अपने साथ 15-20 बदमाशों को लेकर वापस आया। सभी के हाथों में लाठी, डंडे और सरिए थे। आरोपियों ने मिलकर पीड़ित और उसके दो बेटों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। CCTV से पहचान, दो गिरफ्तार घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने इस मामले में अंकित यादव (25) और अभिषेक यादव (22) को गिरफ्तार किया गया। हथियार बरामद, बाकी आरोपियों की तलाश पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाठी, डंडे और सरिए भी बरामद कर लिए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई डीसीपी करण शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत और एसीपी शास्त्रीनगर सुरेंद्र सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर बाकी हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।