जयपुर में ई-चालान के नाम पर 4.40 लाख रुपए का ऑनलाइन फ्रॉड का मामला सामने आया है। साइबर क्रिमिनल ने मोबाइल पर ट्रैफिक चालान का मैसेज भेजा था। लिंक पर क्लिक करने के बाद बैंक अकाउंट से पैसे गायब हो गए। पीड़ित ने खोराबीसल थाने में साइबर ठगी का मामला दर्ज करवाया है। ई-चालान मैसेज के लिंक पर क्लिक करते ही अकाउंट खाली SHO (खोराबीसल) सुरेन्द्र सिंह ने बताया- नांगल जैसा बोहरा निवासी सुनिल कुमार टेलर (51) ने आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज करवाई है। पीड़ित का कहना है कि 21 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज आया था। टैक्स्ट मैसेज के जरिए भेजे ई-चालान का पेमेंट करने के लिए लिंक भी भेजा गया। चालान और उसके पेमेंट को लेकर जानने के लिए उन्होंने लिंक पर क्लिक किया। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित के अकाउंट्स की डीटेल साइबर ठगों ने ले ली और 23 अक्टूबर की शाम उनके बैंक अकाउंट से करीब 4.10 लाख रुपए निकाल लिए। कुछ देर बाद ही बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से 30 हजार रुपए निकाले गए। कुछ ही सेकेंड में अकाउंट से रुपए निकलने का मैसेज आया, तब ठगी का पता चला। खोराबीसल थाने में रविवार शाम पीड़ित की ओर से साइबर फ्रॉड का मामला दर्ज करवाया गया। फेक लिंक या APK फाइल से मोबाइल हैक करते ठग - राजस्थान में ई-चालान के नाम पर साइबर फ्रॉड लगातार बढ़ रहे हैं। फेक लिंक व APK फाइल से मोबाइल हैक कर साइबर क्रिमिनल्स बैंक डिटेल चुरा रहे हैं। हाल में सामने आया है कि साइबर क्रिमिनल ऑनलाइन ई-चालान, पेंडिंग चालान, वाहन सूचना अपडेट और RC/DL वेरिफिकेशन के नाम पर फेक एसएमएस, लिंक और ई-मेल भेजकर लोगों से फ्रॉड कर रहे हैं। - साइबर क्रिमिनल वाहन चालकों को नकली ई-चालान का मैसेज भेजते हैं, इसमें पेमेंट के लिए एक लिंक दिया जाता है, जिस पर क्लिक करने पर वह एक फेक वेबसाइट पर ले जाता है। और आपकी पूरी जानकारी क्रिमिनल्स के पास पहुंच जाती है।