जिला कोटपूतली-बहरोड़ को नई कलेक्टर मिल गई हैं। अपर्णा गुप्ता को जिले की कमान सौंपी गई है। अपर्णा गुप्ता का तबादला बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त पद से कोटपूतली-बहरोड़ किया गया है। वहीं, पूर्व कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी का तबादला स्टेट मिशन निदेशक, आजीविका परियोजनाएं एवं स्वयं सहायता समूह, जयपुर के पद पर किया गया है। राजस्थान सरकार ने मंगलवार रात 65 IAS अफसरों के तबादले कर दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ा फेरबदल हुआ। कई नए अफसरों की एंट्री हुई। वहीं, 25 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। वन मंत्री से उलझने वाले सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा का भी नाम ट्रांसफर लिस्ट में है। जयपुर कलेक्टर जितेंद्र सोनी अब सीएम सचिव होंगे। आईएएस बहनें टीना और रिया डाबी का भी तबादला हुआ है। मुख्यमंत्री कार्यालय में नए अफसर, पुराने फील्ड में मुख्यमंत्री के सचिव, विशिष्ट सचिव बदले गए हैं। तीन नए ओएसडी लगाए हैं। जयपुर कलेक्टर डॉ. जितेंद्र सोनी का तबादला मुख्यमंत्री के सचिव के पद पर किया है।