दीपावली की छुट्टियों में देशभर के लोगों को घूमने-फिरने के लिए राजस्थान के शहर सबसे ज्यादा पसंद आ रहे हैं। ट्रैवल पोर्टल 'एलिवास' ने दिवाली डेस्टिनेशन 2026 की टॉप-10 शहरों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में राजस्थान ने बाजी मारते हुए टॉप-2 जगहों पर कब्जा जमाया है। सूची में जयपुर को देश में पहला और लेकसिटी उदयपुर को दूसरा स्थान मिला है। खास बात यह है कि दिवाली मनाने के मामले में पर्यटकों ने गोवा, ऋषिकेश, ऊटी और लोनावला जैसे मशहूर टूरिस्ट स्पॉट से ज्यादा जयपुर और उदयपुर को पसंद किया है। इस लिस्ट में देश के उन 10 प्रमुख शहरों को शामिल किया गया है, जहां सैलानी दिवाली की रौनक, स्थानीय परंपरा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कुदरती खूबसूरती के बीच त्योहार मना सकते हैं। उदयपुर की झीलें और पुराने शहर की रौनक खास पसंद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहा उदयपुर अपनी खूबसूरत झीलों, महलों, हेरिटेज इमारतों और हरियाली की वजह से पर्यटकों को अपनी तरफ खींचता है। दिवाली के दिनों में यहां झीलों के आसपास की रोशनी, पुराने शहर की गलियां और राजस्थानी कला सैलानियों को एक अलग ही अनुभव देती हैं। परिवार के साथ छुट्टियां मनाने से लेकर रोमांटिक ट्रिप और कल्चरल टूरिज्म तक, उदयपुर में हर तरह के पर्यटकों के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। जयपुर के बाजारों की सजावट ने दिलाया पहला नंबर लिस्ट में पहले नंबर पर रहे जयपुर को उसके शाही महलों, ऐतिहासिक किलों, रंग-बिरंगे बाजारों और पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति के लिए जाना जाता है। दिवाली के मौके पर जयपुर के बाजारों और ऐतिहासिक इमारतों की शानदार सजावट पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना देती है, जिसे देखने देश-दुनिया से लोग पहुंचते हैं। टॉप-10 में महाराष्ट्र के 3 शहर, दिल्ली तीसरे नंबर पर एलिवास की इस सूची में पहले नंबर पर जयपुर और दूसरे पर उदयपुर के बाद तीसरे स्थान पर दिल्ली-एनसीआर को रखा गया है। चौथे नंबर पर गोवा है। इसके बाद पांचवें से सातवें नंबर तक लगातार महाराष्ट्र के तीन शहर नासिक (5वें), लोनावला (6वें) और अलीबाग (7वें) शामिल हैं। वहीं उत्तराखंड का ऋषिकेश आठवें, कर्नाटक का कूर्ग नौवें और तमिलनाडु का ऊटी दसवें नंबर पर रहा है। यानी देश के टॉप-10 दिवाली डेस्टिनेशन में राजस्थान के दो शहरों ने सबसे ऊपर रहकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।