जयपुर के प्रताप नगर इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पति पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी पति शव को कार में डालकर कोटा ले आया और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। मृतक के भाई केशव वर्मा ने बताया कि उनके जीजा वीरेंद्र लोधी ने बुधवार को दोपहर 12 बजे फोन कर सूचना दी। उन्होंने कहा कि उनकी बहन मीरा की तबीयत खराब होने से मौत हो गई है। उन्होंने जीजा को जयपुर में ही रुकने को कहा, लेकिन वह शव को कार में डालकर कोटा ले आया। इस दौरान वह लगातार फोन काटता रहा, जिससे परिजनों को उस पर शक हुआ। केशव ने बताया कि जब पोस्टमार्टम के दौरान शव देखा तो शरीर पर चोटों के निशान मिले। गले पर रस्सी या चुन्नी से गला घोंटने के स्पष्ट निशान दिखे। इससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। 13 साल पहले हुई थी शादी मृतक के भाई ने बताया कि दोनों की शादी 13 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था। उनके दो बच्चे हैं। उनके एक 12 साल का बेटा और करीब 3 साल की बेटी है। घटना के समय बेटा स्कूल गया हुआ था। स्कूल से बच्चों को लाने के बाद कोटा आया वीरेंद्र लोधी के पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि वह कोटा आया तो उसने बताया कि मीरा फर्श पर गिरी हुई थी, उसे उठाकर बेड पर बैठाया, फिर बच्चों को स्कूल लेने गया। बाद में उसने अपने एक साथी को फोन कर बुलाया, उसके बाद मीरा को कोटा लेकर आया। रेलवे कॉलोनी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने कोटा सिटी एसपी को शिकायत दी, जिसके बाद रेलवे कॉलोनी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई और जयपुर के प्रताप नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। गला घोंटकर हत्या का आरोप थाना अधिकारी रामस्वरूप मीणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज कर मामला जयपुर के प्रताप नगर थाना पुलिस को भेज दिया गया है।