जयपुर में ‘मरुधरा रन इन साड़ी’–सीजन 2 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया, जिसमें महिलाओं ने साड़ी पहनकर दौड़ लगाते हुए परंपरा और फिटनेस का शानदार संगम प्रस्तुत किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर आत्मविश्वास, ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव का परिचय दिया। कार्यक्रम का फ्लैग ऑफ रिद्धि सिद्धि मंडल अध्यक्ष दीपा नाथावत और ट्विंकल पुरोहित द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुनील गौड़, महामंत्री महेंद्र बागड़ी, मंत्री पुष्पेंद्र राजावत, आलोक शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस विशेष रन में 3 किमी फन रन और 5 किमी रन की श्रेणियां रखी गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान में दौड़ते हुए महिलाओं ने यह संदेश दिया कि फिटनेस और भारतीय संस्कृति एक साथ आगे बढ़ सकते हैं। आयोजन के दौरान हर आयु वर्ग की महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा माहौल सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह से सराबोर हो गया। प्रतिभागियों का जोश और आत्मविश्वास इस आयोजन की खास पहचान रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और ज़ुम्बा डांस के साथ आयोजन का समापन हुआ। आयोजन समिति और कल्पतरु शिक्षा समिति के सदस्य पंकज जांगिड़ सहित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के जरिए महिलाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।