प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशी नामांकन कर रहे हैं। जयपुर जिला परिषद के सभी 57 वार्डों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन 57 वार्डों में आए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब 170 उम्मीदवार हैं, जो मैदान में बचे हैं। इनके पास नाम वापसी के लिए 15 अक्टूबर तक का समय बचा है। 57 वार्डों के लिए आए नामांकन पत्रों में प्रमुख पार्टियों कांग्रेस-बीजेपी की स्थिति देखें तो इस बार कांग्रेस ने 8 जेन-जी प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, जबकि बीजेपी ने केवल 1 जेन-जी प्रत्याशी को टिकट देकर मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने एक जेन-जी प्रत्याशी ऐसा भी उतारा है, जिनके पति मजदूर हैं। निवर्तमान जिला प्रमुख से ज्यादा धनवान उप जिला प्रमुख चुनाव में इस बार बीजेपी ने निवर्तमान जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने निवर्तमान उप जिला प्रमुख मोहन डागर को टिकट दिया है। दोनों उम्मीदवारों की संपत्तियों की स्थिति देखें तो डागर करोड़पति हैं। उनके पास 50 करोड़ रुपए मूल्य की चल और अचल सम्पत्तियां हैं। वहीं निवर्तमान जिला प्रमुख रमा देवी ने अपनी अचल संपत्तियों का खुलासा नहीं किया, जबकि 80 लाख रुपए कीमत की चल सम्पत्ति उनके और उनके पति के पास है। इसमें नकदी, बैंक बैलेंस, बचत योजनाएं, सोना-चांदी, गाड़ी शामिल हैं। कांग्रेस ने मजदूर की पत्नी को बनाया उम्मीदवार कांग्रेस ने एक ऐसी महिला प्रत्याशी भी मैदान में उतारी है, जिनके पति मजदूर हैं। वार्ड नं. 10 से अंजू यादव को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। अंजू यादव 8वीं पास है और उनकी और उनके पति चेतन यादव की कुल सम्पत्ति (नकद और बैंक खाते में) मात्र 1.36 लाख रुपए है। इनके पास न रहने के लिए खुद का मकान है। न ही जमीन का एक गज टुकड़ा और कोई गाड़ी-गहने। घर की आय का स्त्रोत मजदूरी है, जो उनके पति करते हैं, जबकि वे हाउस वाइफ हैं। प्रमुख दावेदारों की सम्पत्ति का ब्यौरा वार्ड (28) राम सिंह चादावास (बीजेपी) उम्र : 52 शिक्षा : 12वीं पास संपत्ति : 30 लाख रुपए कीमत की अचल और 69.51 लाख रुपए कीमत की चल सम्पत्तियां क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (22) राजेश कुमार गुर्जर (बीजेपी) उम्र : 39 शिक्षा : स्नातक संपत्ति : 1.52 करोड़ रुपए की चल सम्पत्ति, जबकि 1.56 करोड़ रुपए कीमत की अचल सम्पत्तियां क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (18) रमा देवी (बीजेपी) उम्र : 48 शिक्षा : 12वीं पास संपत्ति : 75 लाख रुपए सोना-चांदी, 4.77 लाख बैंक खातों में जमा, 50 हजार नकद क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (13) बदाम वर्मा (बीजेपी) उम्र : 38 शिक्षा : एम.ए. संपत्ति : 4.64 करोड़ रुपए की अचल और बैंक खाते, नकदी, ज्वैलरी, गाड़ी समेत करीब 47 लाख रुपए कीमत की चल सम्पत्ति क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (12) मोहन डागर (कांग्रेस) उम्र : 51 शिक्षा : एम.ए. (स्नातकोत्तर) संपत्ति : 49 करोड़ रुपए कीमत की जमीनें और 34.75 लाख रुपए के नकदी, बैंक खातों और जेवरात क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (28) यशवीर सूरा (कांग्रेस) उम्र : 35 शिक्षा : बी.टैक संपत्ति : 2.21 करोड़ रुपए की प्रोपर्टी, करीब 57 लाख रुपए की चल सम्पत्ति क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (10) अंजू यादव (कांग्रेस) उम्र : 27 शिक्षा : 8वीं पास संपत्ति : कोई जमीन जायदाद नहीं, पति-पत्नी के पास बैंक और नकदी के तौर पर मात्र 1.36 लाख रुपए। क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं
वार्ड (42) निमा वर्मा (कांग्रेस) उम्र : 30 शिक्षा : एलएलबी संपत्ति : कोई जमीन जायदाद नहीं, स्वयं के पास बैंक और नकदी के तौर पर मात्र 1.80 लाख रुपए। क्रिमिनल रिकॉर्ड : कोई नहीं