जैसलमेर में गाड़ियों की पार्किंग के लिए चार मंजिला बिल्डिंग तैयार की जा रही है। शहर के महाराणा प्रताप मैदान में 15.5 करोड़ की लागत से इसे तैयार किया जा रहा है। खास बात ये है कि इसमें एक साथ 225 गाड़ियां पार्क हो सकेगी। इसके साथ ही यहां कैफे और रेस्टोरेंट भी बनाए जाएंगे। नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने बताया- प्रोजेक्ट के 10 प्रतिशत हिस्से में शोरूम, कैफे और रेस्टोरेंट खुलेंगे, जिससे यहाँ आने वाले पर्यटकों को खान-पान की बेहतर सुविधा मिलेगी इसे 10 साल के लिए लीज पर दिया जाएगा, जिससे 60 लाख रुपए की इनकम होगी। पर्यटन सीजन में जाम से मिलेगी मुक्ति सोनार किले के आसपास का क्षेत्र और हनुमान चौराहा शहर का मुख्य व्यापारिक और पर्यटन केंद्र है। यहां सड़कों पर खड़े वाहनों के कारण अक्सर घंटों जाम लगा रहता है। यह जैसलमेर की पहली ऐसी पार्किंग होगी जहां अंडरग्राउंड के साथ-साथ सरफेस पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। लिफ्ट, मॉडर्न टॉयलेट व CCTV से लैश होगी पार्किंग पार्किंग परिसर को मॉडर्न लुक दिया जाएगा। इसमें कई आधुनिक सुविधाएं होंगी। पार्किंग परिसर में लिफ्ट, सीढ़ियां, आधुनिक टॉयलेट्स और पीने के पानी की उचित व्यवस्था होगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे परिसर में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे और आग से बचाव के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित होगा। रात के समय पर्याप्त रोशनी के लिए हाई-मास्ट और एलईडी लाइट्स के साथ-साथ परिसर का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। साथ ही प्रवेश और निकास के लिए स्मार्ट बैरियर और पार्किंग उपलब्धता दिखाने वाले डिजिटल बोर्ड लगाए जा सकते हैं। तैयारियां अंतिम दौर में नगर परिषद के आयुक्त लाजपालसिंह सोढ़ा ने बताया कि पार्किंग का ढांचा और निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। कैफे और रेस्टोरेंट के लिए टेंडर प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और जल्द ही बिड खोलकर ठेकेदार का चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया- शहर के इस ड्रीम प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद जैसलमेर आने वाले लाखों सैलानियों को वाहन पार्क करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, जिससे शहर की पर्यटन व्यवस्था को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।