जैसलमेर में पशु हॉस्पिटल में खुले में पड़े मृत गोवंश के शव को कुत्तों ने नोच दिया। सिर का पार्ट सड़क पर पड़ा मिला। आक्रोशित लोगों ने हॉस्पिटल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गेट पर ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस की समझाइश के बाद लोग शांत हुए। अस्पताल परिसर में खुला छोड़ा गया था शव स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह एयरफोर्स चौराहे के पास गोवंश का कटा सिर मिला। सूचना पर स्थानीय लोग और गोसेवा से जुड़े लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रारंभिक आशंका के बाद लोगों ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि गुरुवार रात एक पशुपालक बीमार गोवंश को इलाज के लिए स्थानीय पशु अस्पताल लेकर आया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृत गोवंश के शव को अस्पताल परिसर में खुले में छोड़ दिया गया था। रात में आवारा कुत्तों ने शव को नोच दिया और उसका सिर घसीटते हुए चौराहे तक ले आए। नाराजगी जताते हुए लगाया ताला घटना की जानकारी मिलने पर कुछ लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताते हुए मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और स्टाफ के पहुंचने पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। समझाइश के बाद सामान्य हुई स्थिति सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने शव का पोस्टमॉर्टम कर नियमानुसार निस्तारण करने और मामले की जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने ताला खोल दिया। स्थानीय लोगों ने भविष्य में मृत पशुओं के निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।