जैसलमेर जिले के बडोड़ा गांव स्थित मरुधरा ग्रामीण बैंक में उस समय हड़कंप मच गया, जब बैंक के अंदर करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा घुस आया। सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे और बैंक का दरवाजा खोला तो फर्श पर सांप की केंचुली पड़ी मिली। अनहोनी की आशंका पर कर्मचारियों ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखा कि कोबरा शटर के नीचे से अंदर घुसा और वॉशबेसिन की नाली की ओर चला गया। नाली में हलचल होने पर ध्यान से देखा गया तो वहां कोबरा बैठा मिला। जैसलमेर से बुलाया गया स्नेक कैचर सूचना मिलते ही जैसलमेर से स्नेक कैचर प्रेम चौधरी को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान वॉशबेसिन के पास नाली में कोबरा का केवल सिर दिखाई दे रहा था। इसी बीच किसी ने नाली में पानी डाल दिया, जिससे घबराकर सांप पाइप के और अंदर चला गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू प्रेम चौधरी ने सूझबूझ से काम लेते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।