जैसलमेर के चूंधी गांव में सोमवार को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए खेत में बनी डिग्गी में नहाने उतरे दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। परिजन सुरेंद्र (17) और वीरेंद्र (16) को जवाहिर हॉस्पिटल ले कर आए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सदर थाना ASI मुकेश बीरा को परिजनों ने बताया कि दोनों पानी की डिग्गी में रोज नहाने जाते थे, लेकिन आज दलदल में फंस जाने से दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गहराई में जमी कीचड़ से बने दलदल में फंसे ASI मुकेश बीरा ने बताया कि चूंधी गांव के रहने वाले चचेरे भाई चार भाई सुरेंद्र और वीरेंद्र सोमवार दोपहर गर्मी से राहत पाने के लिए अपने खेत में बनी पानी की डिग्गी में नहाने उतरे थे। उनके साथ दो भाई मुकेश और रवि भी थे। जब चारों भाई पानी में नहा रहे थे तभी सुरेंद्र और वीरेंद्र डिग्गी की गहराई में चले गए। जहां जमी कीचड़, गाद से बने दलदल में धंसते चले गए। मुकेश और रवि ने जब अपने भाइयों को डूबते देखा, तो अपनी जान की परवाह किए बिना उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश भी की। लेकिन दलदल से दोनों को बाहर नहीं खींच पाए। घबराकर मुकेश हादसे की जानकारी घरवालों को देने के लिए तुरंत गांव की ओर दौड़ा। एक का शव मिला दूसरे को दीवार तोड़कर निकाला सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन बदहवास हालत में डिग्गी पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सुरेंद्र को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर नागरिक सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची थी। जबकि वीरेंद्र गहरे दलदल में पूरी तरह धंसने के कारण पानी की सतह पर दिखाई नहीं दे रहा था। तब ग्रामीणों ने डिग्गी की दीवार को एक तरफ से तोड़ दिया। पानी का बहाव कम होते ही वीरेंद्र का शव भी मिल गया। परिजन चमत्कार की उम्मीद में उसे भी हॉस्पिटल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। घरवालों का सहारा छिना, गांव में पसरा मातम हादसे का शिकार हुए दोनों युवक भील समुदाय से थे और आपस में चचेरे भाई थे। एक ही दिन में परिवार के दो जवान बच्चों की मौत से परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना से गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। दोनों के परिवारों का कहना है कि उनके बुढ़ापे का सहारा हमेशा के लिए छिन गया। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। परिजनों ने दोनों का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिए।