जैसलमेर में भीषण गर्मी और रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों तक जिले में तेज लू चलेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि सोमवार की तुलना में लगभग 1 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज हुई, लेकिन गर्म हवाओं और नमी की कमी के कारण राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहने से रातें भी गर्म बनी हुई हैं। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी दो शिफ्टों में, दोपहर में राहत गर्मी के प्रकोप को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में बदलाव किया है। अब ड्यूटी दो शिफ्टों में होगी—सुबह 8 बजे से 12:30 बजे तक और शाम 4:30 बजे से रात 8:30 बजे तक। दोपहर 12:30 से 4:30 बजे तक सबसे अधिक गर्मी के समय जवानों को फील्ड ड्यूटी से राहत दी गई है। साथ ही ड्यूटी के दौरान इलेक्ट्रोल पाउडर भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके। प्रशासन की एडवायजरी: दोपहर में घर से बाहर न निकलने की अपील जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने रेड अलर्ट को देखते हुए आमजन के लिए एडवायजरी जारी की है। इसमें दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अत्यधिक जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से धूप और लू से बचाने, तथा छायादार व ठंडी जगहों पर रहने की अपील की गई है। पूरे सप्ताह जारी रहेगा गर्मी का असर, ओरेंज अलर्ट भी लागू मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को जिले में ‘ऑरेंज अलर्ट’ रहेगा, जिससे स्पष्ट है कि आने वाले पूरे सप्ताह जैसलमेर भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, जिससे जनजीवन पर असर साफ दिखाई दे रहा है।