जैसलमेर मेडिकल कॉलेज के लिए आए 60 एसी में से 43 चोरी हो गए थे। ब्लू स्टार कंपनी के इन एसी की कीमत करीब 25 लाख थी। मामले की रिपोर्ट 6 सितंबर को कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई। कॉलेज के पास ही किराए के एक मकान से बदमाश पिकअप में एसी ले भागे थे। इस मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 41 एसी बरामद कर लिए गए हैं। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में दूल्हे खान, पूनम सिंह और रमेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एसी के अलावा पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। कमरा खोला तो गायब मिले एसी जानकारी के मुताबिक- जयपुर से मई महीने में 60 AC लाए गए थे। जो कोतवाली थाना इलाके में सांवल कॉलोनी के एक किराए के मकान की दूसरी मंजिल के कमरे में रखवाए थे। जब AC लगाने के लिए कमरा खोला तो 43 AC गायब पाए गए। कावेरी इलेक्ट्रिकल्स कंपनी (जयपुर) के रहने वाले मेराज ने 6 सितंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया- मेरी कंपनी को जैसलमेर मेडिकल कॉलेज में एसी और फायर फाइटिंग का काम मिला हुआ है। इसी के तहत एसी लाए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ोस के CCTV से देखा तो तीन बदमाश नजर आए, मोबाइल व टावर की लोकेशन व तकनिकी आधार पर जांच करने पर दूल्हे खान (24) निवासी जैतसर फलोदी को बालेसर से पकड़ा जो इलेक्ट्रिशियन का ही काम करता था। उसने दो साथियों पूनमसिंह (27), निवासी रामदेवरा, जैसलमेर, रमेश कुमार (29), निवासी भील बस्ती, जैसलमेर के नाम बताए और उनको भी 15 सितम्बर को पकड़ा और पूछताछ के बाद 16 सितंबर को जेल भेज दिया। आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने मामले में जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। थानाधिकारी प्रेमाराम के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम ने तकनीक और मुखबिर की मदद से चोरों का पता लगाया।