जैसलमेर में पोते ने ही बुजुर्ग दंपती की हत्या की थी। दंपती की हत्या करने के बाद सोने के जेवर और बुजुर्ग महिला के पैरों से चांदी के कड़े काट ले गया था। दरअसल, मृतक दंपती के कोई संतान नहीं थी। बुजुर्ग महिला के भतीजे का लड़का यानी पोता उनके घर आता-जाता था। उसे लगता था कि पति-पत्नी अकेले रहते हैं। इनके पास गहने और रुपए होंगे। शुक्रवार रात दंपती का पोता जैसलमेर से बाइक पर अपने दोस्त के साथ निकला। दोनों ने रास्ते में शराब पी, फिर रात में बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद महिला के चांदी के कड़े और बुजुर्ग का सोने का लॉकेट समेत अन्य गहने लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर घटना के 6 घंटे बाद ही दोनों को डिटेन कर लिया। सख्ती से पूछताछ के बाद दोनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। घटना मोहनगढ़ कस्बे के भील बस्ती की शुक्रवार रात की है। शनिवार सुबह दंपती का भांजा उनसे मिलने पहुंचा तो लाखाराम (80) का शव लहूलुहान हालत में आंगन में पड़ा हुआ था और उनकी पत्नी रेशमा (78) का शव कमरे में पड़ा हुआ था। शराब पीकर आए थे दोनों आरोपी एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि आरोपी सुरेश (19) की नहरी इलाके में मीट की शॉप है और उसका दोस्त योगेश (24) किसान है। शुक्रवार रात दोनों जैसलमेर से बाइक पर सवार होकर मोहनगढ़ के लिए निकले। रास्ते में दोनों ने शराब पी और नशे की हालत में बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचे थे। आरोपियों ने अपनी बाइक को घर से कुछ दूर सड़क पर ही खड़ा कर दिया, जिससे किसी को शक न हो और वे चुपके से घर के अंदर घुस गए थे। बुजुर्ग के जागने पर गला घोंट दिया घर में सो रहे दादा लाखाराम (80) के गले से सुरेश ने सोने का लॉकेट छीनने का प्रयास किया तो उनकी नींद खुल गई। इससे घबराए सुरेश ने साथी योगेश के साथ मिलकर लाखाराम की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने दादी रेशमा (78) को भी गला दबाकर मार डाला। आरी से काटकर ले गए चांदी के कड़े पुलिस के अनुसार लूट के इरादे से हत्या की गई थी। बुजुर्ग दंपती निसंतान थे और घर में अकेले रहते थे, पोते को इसकी जानकारी थी। मृतक रेशमा ने पैरों में चांदी के भारी कड़े पहने हुए थे। जब कड़े आसानी से नहीं निकले, तो आरोपियों ने आरी से कड़े काटे। इसके अलावा सोने का लॉकेट समेत अन्य गहने भी लेकर फरार हो गए। निसंतान होने का उठाया फायदा पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पता था कि लाखाराम और रेशमा अकेले रहते हैं और उनके पास काफी गहने व कैश हो सकता है। अपनी लग्जरी लाइफ की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से लूटे गए गहने बरामद करने की कोशिश कर रही है। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए 50 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी। पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। ये खबर भी पढ़िए बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या कर चांदी के कड़े लूटे:घर के आसपास पैरों के निशान मिले, एक शव कमरे में तो दूसरा आंगन में पड़ा था घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की लाश मिली है। महिला के पैरों से चांदी के कड़े गायब हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूट के इरादे से पति-पत्नी की हत्या कर दी गई। पूरी खबर पढ़िए