जैसलमेर की बास्केटबॉल अकादमी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। अंडर-18 एशिया कप के तहत होने वाली 'साउथ एशियन बास्केटबॉल चैंपियनशिप' की तैयारी के लिए इंदौर में आयोजित होने वाले भारतीय टीम के पूर्व प्रशिक्षण शिविर (प्री ट्रेनिंग कैंप) में जैसलमेर अकादमी के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। जिला खेल अधिकारी राकेश विश्नोई ने बताया- चयनित खिलाड़ियों में मोहम्मद रज़ा, भूपेंद्र सिंह राठौड़ और संस्कार सैनी शामिल हैं। इस चयन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि पूरे राजस्थान से कुल 5 खिलाड़ियों को इस कैंप के लिए चुना गया है, जिनमें से 3 खिलाड़ी अकेले जैसलमेर अकादमी से हैं। शेष दो खिलाड़ी सीकर और गंगानगर से हैं। अंतरराष्ट्रीय अनुभव और नेशनल गोल्ड का साथ मोहम्मद रजा रज़ा अकादमी के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। वे अंडर-16 यूथ एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। मालदीव में आयोजित चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया था। अपनी फुर्ती और सटीक शूटिंग के लिए मशहूर। मंगोलिया में आयोजित यूथ एशिया कप में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की पहली पसंद बना दिया है। भूपेंद्र सिंह राठौड़ 2024 में कोलकाता नेशनल चैंपियनशिप में राजस्थान को गोल्ड जिताने में अहम भूमिका निभाई और 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर' चुने गए। यह किसी भी बास्केटबॉल खिलाड़ी के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत सम्मानों में से एक है। कोर्ट पर आक्रामक खेल और बेहतरीन डिफेंस के लिए जाने जाते हैं। खेलो इंडिया नेशनल यूथ गेम्स 2025 (पटना) में रजत पदक जीतकर अपनी निरंतरता साबित की। संस्कार सैनी नेशनल स्तर पर निरंतर शानदार प्रदर्शन। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (पटना) में रजत पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे। टीम गेम और बेहतरीन 'बॉल हैंडलिंग' में माहिर। संस्कार पिछले कई वर्षों से राजस्थान की टीम के प्रमुख स्तंभ रहे हैं। 2024 की कोलकाता नेशनल चैंपियनशिप में राजस्थान की जीत में इनका बड़ा योगदान था। अकादमी में पिछले 3 वर्षों के कठोर प्रशिक्षण और फिटनेस ड्रिल के कारण संस्कार तकनीकी रूप से बहुत मजबूत खिलाड़ी माने जाते हैं। 9 खिलाड़ी अब तक पहन चुके हैं 'इंडिया' की जर्सी जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी की सफलता का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अब तक यहां के 9 खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आधुनिक सुविधाओं और कोचों के गहन प्रशिक्षण के कारण यह अकादमी अब देश के टॉप सेंटर्स में गिनी जाने लगी है। जैसलमेर के लिए गौरव का क्षण- जिला खेल अधिकारी एवं अकादमी प्रभारी, राकेश बिश्नोई ने कहा- यह जैसलमेर के लिए गौरव का क्षण है। राजस्थान से चयनित 5 में से 3 खिलाड़ियों का हमारे यहाँ से होना हमारी प्रशिक्षण प्रणाली और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। हमें पूरी उम्मीद है कि ये तीनों खिलाड़ी भारतीय टीम के मुख्य दल में जगह बनाकर देश के लिए मेडल जीतेंगे।