जैसलमेर और पोकरण क्षेत्र में बीते चौबीस घंटों के दौरान हुई मूसलाधार बारिश से किसानों में खुशी की लहर है। शुक्रवार शाम को नहरी इलाकों में बारिश का दौर रहा, वहीं जैसलमेर शहर में रात 8 बजे के बाद बारिश का दौर शुरू रहा जो रिमझिम के तौर पर रात भर जारी रहा। शनिवार सुबह भी आसमान में बादलों का डेरा रहा व सुबह से ही हल्की-हल्की बूंदाबांदी जारी है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए शनिवार को भी झमाझम बारिश और गरज-चमक का यलो अलर्ट जारी किया है तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। शनिवार को भी बूंदाबांदी जारी जैसलमेर के नहरी बेल्ट में शुक्रवार शाम को कई स्थानों पर अच्छी बरसात हुई। जिले के नहरी इलाकों 192 RD, 31 BD ,29 PD में हल्की बारिश व 20 तुली में बढ़िया बारिश होने की जानकारी है। मानसूनी बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। जिले में शुक्रवार देर शाम शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार सुबह भी हल्की रिमझिम के साथ जारी रहा। शनिवार को भी सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और हल्की-हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग का यलो अलर्ट जैसलमेर में शनिवार को भी हल्की-हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।